ग़ाज़ीपुर- पेट्रोल पंप पर ताबड़तोड़ फायरिंग में एक की मौत, एक घायल

प्रखर ब्यूरो गाजीपुर। सैदपुर कोतवाली क्षेत्र के देवचंदपुर में स्थित पेट्रोल पम्प पर बुधवार की देर रात बदमाशों ने तेल भराने के बाद हुए विवाद के दौरान ताबड़तोड़ फायरिंग शुरु कर दी। जवाब में दूसरी तरफ से भी फायरिंग हुई। इस दौरान गोली लगने से जहां एक व्यक्ति की मौत हो गई, वहीं गार्ड घायल हो गया। पुलिस अधीक्षक ने घटनास्थल का मौका मुआयना करने के साथ ही बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए पांच टीमें गठित की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सैदपुर कोतवाली क्षेत्र के देवचंदपुर गांव में स्थित पेट्रोल पम्प पर गांव के ही त्रिभुवन सिंह (51) बैठकर बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान रात करीब 11 बजे इसी गांव का कुख्यात बदमाश कर्मवीर सिंह उर्फ सन्नी दो गाडियो से अपने साथियों के साथ वहां पहुंचा और गाड़ियों में तेल भरवाया। पुराने बकाया को लेकर कहा-सुनी होने लगी। इसी बीच सन्नी सिंह और उसके साथियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरुकर दी। जवाब में त्रिभुवन सिंह ने भी लाइसेंसी राइफल से फायर किया। इस बीच गोली लगने से त्रिभुवन सिंह और गार्ड शिवमूरत सिंह (45) घायल हो गए। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश फायरिंग करते हुए मौके से फरार हो गए। घटना की जानकारी लोगों ने पुलिस को दी। कुछ ही देर बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई। घायलों को उपचार के लिए वाराणसी ले जाया गया, जहां त्रिभुवन सिंह की मौत हो गई, जबकि शिवमूरत का उपचार चल रहा है। रात में ही पुलिस अधीक्षक मौके पर पहुंचे। पम्प पर मौजूद लोगों से घटना के संबंध में जानकारी ली। इस संबंध में पुलिस अधीक्षक डा. ओमप्रकाश सिंह ने बताया कि रात में पेट्रोल पम्प पर तेल भराने के बाद किसी बात को लेकर कहासुनी के बाद सन्नी सिंह ने फायर कर दिया। जवाब में त्रिभुवन सिंह ने भी लाइसेंसी राइफल से फायर किया। गोली लगने से त्रिभुवन सिंह की मौत हो गई, जबकि गार्ड शिवमूरत का उपचार चल रहा है। बताया कि इस मामले में पेट्रोल पम्प के मालिक के छोटे भाई अजय कुमार पांडेय की तहरीर पर गांव के ही सन्नी सिंह और ढोलक सिंह के साथ ही दस अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया। बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए पांच टीम गठित की गई है। जल्द ही बदमाशों की गिरफ्तारी कर ली जाएगी। गौरतलब है कि 2007 में खेत में काम कराते समय विधायक बीजू पटनायक गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस वारदात में सन्नी का नाम भी प्रकाश मेंआया था। वह सैदपुर थाना का टॉप टेन अपराधी है। उसके खिलाफ हत्या, लूट सहित कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।