मुंबई की लोकल ट्रेन में महिला से दुष्कर्म, नीचे फेंका

0
248

प्रखर एजेंसी। देश की आर्थिक राजधानी मुंबई की लोकल ट्रेन में 24 वर्षीय महिला के साथ पहले दुष्‍कर्म की घटना को अंजाम दिया गया, उसके बाद उसे ट्रेन से नीचे फेक दिया गया। महिला की हालत गंभीर बनी हुई है, जिसका इलाज अस्पताल में जारी है । वाशी जीआरपी के वरिष्ठ अधिकारी विष्णु केसरकर के मुताबिक मंगलवार की सुबह वाशी खाड़ी के ब्रिज के पास पटरी के किनारे एक 24 वर्षीय महिला गंभीर रुप से घायल अवस्था में पड़ी हुई मिली थी। जिसकी जानकारी गुजरने वाले लोकल ट्रेन के मोटर मेन ने रेलवे स्टेशन के मास्टर को दी, जिसके बाद वाशी जीआरपी को सूचित किया गया। पहले जीआरपी ने लड़की को नजदीकी हॉस्पिटल में भर्ती कराया, जहां पर पीड़िता की हालत ज्यादा खराब होने के बाद उसे मुंबई के जेजे हॉस्पिटल में भर्ती किया गया। पीड़िता की मेडीकल रिपोर्ट से खुलासा हुआ है कि महिला के साथ दुष्कर्म हुआ है। पीड़िता मुंबई से सटे टिटवाला की रहने वाली है। जो मुंबई के पवई इलाके में नौकरानी का काम करती है। महिला की हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है। पुलिस अभी उसके होश में आने का इंतजार कर रही है, जिसके बाद आगे की जांच को बढ़ाया जा सके। वाशी जीआरपी स्टेशन पर लगे सीसीटीवी की पड़ताल कर रही है ताकि कुछ पता चल सके कि आखिर कौन था, जिसने महिला के साथ दुष्कर्म करने के बाद उसे मारने की कोशिश की। वाशी जीआरपी ने अज्ञात शख्‍स के खिलाफ आईपीसी की धारा 307 और 376 के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच कर रही है।