जहरीली शराब से महिला समेत चार की मौत गांव में दहशत, पुलिस जांच में जुटी

प्रखर प्रयागराज। जिले में संग्रामगढ़ थाना अंतर्गत रामपुर दाबी मजरे मनोहरापुर गांव में जहरीली शराब से कुछ घंटों के भीतर महिला समेत तीन लोगों की मौत हो गई। महिला ने स्थानीय अस्पताल में दम तोड़ा जबकि दो युवकों की मौत लखनऊ में हुई। सभी लोगों ने शनिवार रात अवैध रूप से बिकने वाली शराब पी थी। रविवार सुबह से ही उनकी हालत बिगड़ने लगी। सोमवार को एक व्यक्ति की और इलाज के दौरान मौत हो गई। इस तरह से मरने वालों की कुल संख्या चार पहुंच गई है। जबकि सात लोगों की हालत खराब है। एक की हालत गंभीर देखते हुए प्रयागराज में एसआरएन के लिए रेफर कर दिया गया है। अस्पताल में महिला ने दम तोड़ा- सुनीता (50) पत्नी जवाहरलाल सरोज के अलावा विजय कुमार (40) पुत्र रामसुमेर सरोज तथा रामप्रसाद (42) पुत्र रामदेव सरोज को पहले एक स्थानीय चिकित्सक को दिखाया गया। हालत नहीं सुधारने पर सुनीता को रात करीब नौ बजे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। यहां उसकी मौत हो गई। उधर स्थानीय चिकित्सक के कहने पर दोनों युवकों को लखनऊ स्थित अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल पहुंचते ही रात्रि लगभग 12 बजे विजय कुमार ने दम तोड़ दिया। कुछ देर में राम प्रसाद की भी मौत हो गई। पूर्व ग्राम प्रधान नन्हे लाल यादव ने मौतों की पुष्टि करते हुए बताया है कि जहरीली शराब इसकी वजह है। पुलिस मामले की जांच में जुटी- थाना अध्यक्ष संग्रामगढ़ आशुतोष त्रिपाठी ने भी मौतों की पुष्टि करते हुए इसकी सूचना उच्चाधिकारियों को दे दी है। महिला और युवकों ने कहां से शराब ली, यह पता नहीं चल सका है। पुलिस गांव में है। थाना प्रभारी का कहना है कि मौतों की वजह का पता पोस्टमार्टम में ही चल पाएगा। थानाध्यक्ष के अनुसार गांव में लोग जहरीली शराब पीने से ही मौत होने की बात कह रहे हैं।