अपडेट- गाजीपुर जिला जेल में बंद कैदी ने की आत्महत्या

प्रखर ब्यूरो ग़ाज़ीपुर। जिला जेल में गुरुवार की देर शाम एक बंदी ने संदिग्ध अवस्था में फांसी लगा ली। उसे जिला अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जेल प्रशासन ने कोतवाली पुलिस को सूचना दी। मृतक बंदी बीते जनवरी माह में किशोरी पर चाकू से वार करने के आरोप में जेल में आया था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सादात थाना क्षेत्र के डढ़वल गांव निवासी नंदकिशोर तिवारी (32) को सादात थाना पुलिस ने बीते 24 जनवरी को गांव की ही एक किशोरी पर चाकू से हमला करने के आरोप में गिरफ्तार किया था। उसके खिलाफ कार्रवाई करते हुए जेल भेज दिया था। नंदकिशोर बैरक नंबर तीन में रखा गया था। गुरुवार की देर शाम करीब साढ़े सात बजे बंदी नंदकिशोर ने संदिग्ध अवस्था में फांसी लगा ली। इसकी खबर मिलते ही जेल प्रशासन ने हड़कंप मच गया। बंदी को पहले जेल और बाद में जिला अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जेल प्रशासन ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सादात पुलिस ने घटना से मृतक के परिजनों को अवगत कराया। जेलर की मानें तो उस कैदी को बैरक नंबर तीन में रखा गया था। बैरक से सटे निष्प्रयोज्य पाठशाला है। उसमें ईंट की जाली में बैग की बेल्ट बांधकर उसका फंदा बनाकर उसमें झूल गया। उसी बीच अन्य कैदियों की नजर उस पर पड़ी। जेल कर्मी फंदे से उतारकर उसे जेल अस्पताल पहुंचाए। गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल भेजा गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। मृतक के परिजनों की माने तो सादात थाना पुलिस ने रात करीब 10 बजे नंदकिशोर की तबियत बिगड़ने की सूचना दी। वह थाने पहुंचे तो सुबह स्पष्ट जानकारी देने की बात कहकर उन्हें वापस कर दिया गया। सुबह मौत की जानकारी होने पर परिवार के लोग कोतवाली पहुंचे। परिजनों का आरोप था नंदकिशोर की मौत संदिग्ध लग रही है। इसकी उच्च स्तरीय जांच कराई जाए।