महाराष्ट्र में लगेगा वीकेंड लॉकडाउन सिर्फ आवश्यक सेवाओं की रहेगी अनुमति


प्रखर मुंबई/एजेंसी। कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच महाराष्ट्र के मंत्री नवाब मलिक ने कहा कि महाराष्ट्र में शुक्रवार शाम आठ बजे से सोमवार सुबह सात बजे तक वीकेंड लॉकडाउन लगेगा। बसों, ट्रेनों, टैक्सियों सहित आवश्यक सेवाओं और परिवहन की अनुमति रहेगी। एसओपी को रविवार शाम आठ बजे से शुरू किया जाएगा। पांच से अधिक व्यक्तियों का इकट्ठा होना प्रतिबंधित है। सरकारी कार्यालय 50 फीसद क्षमता पर काम करेंगे। 50 फीसद बैठने की क्षमता पर निजी वाहनों को चलाने की अनुमति रहेगी। वहीं, मंत्री असलम शेख ने रविवार को कहा कि रात आठ बजे से सुबह सात बजे तक रात का कर्फ्यू लगाया जाएगा। केवल आवश्यक सेवाओं की अनुमति होगी। रेस्तरां से केवल ले जाने और पार्सल सेवाओं के लिए अनुमति रहेगी। कार्यालयों के लिए कर्मचारियों को घर से काम करना होगा।
उनके मुताबिक, दिन में गाड़ियां चलेंगी लेकिन रिक्शा में एक ड्राइवर और दो लोगों को अनुमति है। टैक्सी 50 फीसद लोगों के साथ चलेगी। बसों में खड़े होकर सफर करना मना है। धार्मिक स्थलों में पुजारी और कर्मचारियों को ही अनुमति होगी। ज्यादा लोगों के इकट्ठा होने वाली फिल्म के शूटिंग की अनुमति नहीं है। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में शनिवार और रविवार को भी लॉकडाउन जैसी स्थिति रहने की संभावना है। उद्यान, समुद्र तटों, गेटवे आॅफ इंडिया और अन्य स्थानों सहित खुले स्थानों पर शनिवार और रविवार को जाने पर प्रतिबंध होगा।
महाराष्ट्र के पूर्व सीएम और भाजपा नेता देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि लॉकडाउन लागू करने के सरकार के फैसले का भाजपा समर्थन करती है। लोगों को प्रतिबंधों और कोविड प्रोटोकॉल का पालन करना चाहिए। अधिकतम टीकाकरण सुनिश्चित करने के लिए भाजपा कार्यकर्ता लोगों को पंजीकरण केंद्र तक पहुंचने और टीकाकरण में मदद करेंगे। इस बीच, नागपुर जिले में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 4110 नए मामले सामने आए, 3497 रिकवर हुए और 62 मौतें हुईं। यहां कुल मामले 2,41,606 हैं। कुल 1,94,908 रिकवर हुए। सक्रिय मामले 41,371 हैं। कोरोना से 5327 की मौत हुई है।