ग़ाज़ीपुर- पूर्व विधायक किसमतिया देवी के निधन पर जिलेवासियों में शोक

प्रखर ब्यूरो गाजीपुर। जंगीपुर के विधायक डा. विरेंद्र यादव की मां पूर्व विधायक किसमतिया देवी का पीजीआई लखनऊ में उपचार के दौरान सोमवार को निधन हो गया। उनके निधन के समाचार मिलते ही परिजनों सहित जिलेवासियों में शोक की लहर दौड़ गई। घर पर शोक व्यक्त करने वालों का तांता लग गया।
विधायक डा. विरेंद्र यादव ने बताया कि मां किसमतिया देवी कई दिनों से बीमार चल रही थी। पीजीआई लखनऊ में उनका उपचार चल रहा था। उपचार के दौरान सोमवार को उन्होंने अंतिम सांस ली। उधर पूर्व विधायक के निधन से जहां परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। वहीं जिलेवासियों में भी शोक की लहर दौड़ गई। आपको बता दें कि परिसीमन के बाद वर्ष 2012 में जंगीपुर विधानसभा का चुनाव कराया गया था। उस दौरान इस सीट पर पंद्रह प्रत्याशियों के बीच घमासान हुई थी। उस चुनाव में विधानसभा क्षेत्र के 311256 मतदाताओं में से 185773 मतदाताओं ने मताधिकार का प्रयोग किया था। विधानसभा के लिए हुए पहले चुनाव में सपा प्रत्याशी कैलाश यादव ने जीत हासिल की थी। प्रदेश सरकार में मंत्री बने कैलाश यादव का फरवरी माह में निधन हो गया था। उनके निधन के बाद खाली पड़ी इस सीट के लिए उपचुनाव के तहत 16 मई 2016 को मतदान कराया गया थी। इस उपचुनाव में स्व. कैलाश यादव की पत्नी किसमतिया देवी ने जीत का परचम लहराया था।