ग़ाज़ीपुर- पुलिस ने हत्यारोपी को पिस्टल और कारतूस के साथ किया गिरफ्तार

प्रखर ब्यूरो गाजीपुर। करंडा थाना पुलिस ने सोमवार को चोचकपुर आटो स्टैंड के पास से एक हत्यारोपी को गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त पिस्टल और कारतूस बरामद किया। अभियुक्त का संबंधित धाराओं में चालान कर दिया।
मालूम हो कि पुलिस अधीक्षक डा. ओमप्रकाश सिंह के निर्देशन में जिला पुलिस अपराधियों के खिलाफ अभियान चला रही है। इसी क्रम में करंडा थाना प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार पांडेय हमराहियों के साथ भ्रमणशील थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि क्षेत्र के चोचकपुर आटो स्टैंड के पास एक हत्यारोपी मौजूद है और कही भागने की फिराक में है। इस सूचना पर तत्काल थानाध्यक्ष टीम के साथ मौके के लिए रवाना हो गए। वहां पहुंचने पर जैसे ही अभियुक्त की नजर पुलिस पर पड़ी, वह भागना चाहा, लेकिन पुलिस ने घेरेबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। एसओ ने बताया कि फंदे में आया हत्यारोपी क्षेत्र के जमुआव निवासी धीरज सिंह है। इसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त एक नाजायज 32 बोर का एक पिस्टल, 1 जिंदा कारतूस और एक खोखा बरामद किया गया। अभियुक्त का संबंधित धाराओं में चालान कर जेल भेज दिया गया। गिरफ्तार करने वाली टीम में एसओ के साथ कांस्टेबल अमरजीत मौर्या और कांस्टेबल संजय पाल शामिल थे।