चंद घंटों में ही वाराणसी कमिश्नरेट पुलिस ने लुटेरे बदमाशों को मुठभेड़ में किया गिरफ्तार


बदमाशों के पास से बाइक, लूटी गई चेन, पिस्टल, कट्टा और कारतूस बरामद

प्रखर वाराणसी। खोजवां में करीब डेढ़ बजे चेन स्नेचिंग के बाद देर शाम पौने आठ बजे फिर से लूट करने निकले प्रयागराज के दो शातिर बदमाशों को क्राइम ब्रांच और कमिश्नरेट पुलिस ने लौटूवीर में घेर लिया। खुद को घिरता देख बदमाश ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में गोली लगने से संतोषी व पवन नाम के दो बदमाश घायल हो गये। दोनों बदमाशों के बाएं पैर में गोली लगी है। दोनो को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दोनो बदमाश प्रयागराज के रहने वाले बताये जा रहे है। बदमाशों के पास से बाइक, लूटी गई चेन, पिस्टल, कट्टा और कारतूस बरामद हुए हैं। खोजवां में छिनैती के सात घंटे के भीतर पुलिस को यह कामयाबी मिली है। खोजवा की घटना के बाद पुलिस को सूचना थी कि बदमाश इधर ही सक्रिय हैं। सीरगोवर्धनपुर इलाके में लूट को अंजाम देकर एनएच के रास्ते भागने वाले हैं। बतादे कि देर शाम मुख्यमंत्री के दौरे के बीच शहर की चाक-चौबंद सुरक्षा में बदमाशों ने सेंधमारी कर फिर से चेन स्नैचिंग की। खोजवा में दिनदहाड़े महिला की चेन छीनकर बदमाश भाग निकले। पुलिस सीसीटीवी कैमरे की मदद से बदमाशों की पहचान में जुटी है। बदमाश बिना नंबर की बाइक से थे। बताया जाता है कि जगरनाथ धाम कॉलोनी की मंजू सिंह शुक्रवार दोपहर दुर्गाकुंड मंदिर गई थीं। मंदिर में दर्शन कर वह पैदल ही लौट रही थीं। खोजवा बार्डर पर स्थित प्रेम-तिराहे के समीप कॉलोनी के मोड़ से पहले तीन फीट चौड़ी गली है। यह मार्ग कॉलोनी में पहुंचने का नजदीक का रास्ता है। मंजू सिंह मंदिर से निकलकर इस गली में 10 कदम दूर पहुंची थीं कि एक युवक आया और जबरदस्ती चेन छीनकर थोड़ी दूर बाइक पर बैठे युवक के साथ दुर्गाकुंड की तरफ भाग गया। दोनों ने अपना मुंह बांधा हुआ था। मंजू सिंह ने छीनी गई चेन की कीमत डेढ़ लाख रुपये बताई। वहां मौजूद लोगों की मानें तो दुर्गाकुंड और खोजवा चौकी की पुलिस मौके पर पहुंची। एक-दूसरे का क्षेत्र बताने में ही करीब आधे घंटे निकल गये। बाद में खोजवा चौकी की सीमा होने पर पुलिस सक्रिय हुई।