ओलंपिक शुरू होने से 2 हफ्ते पहले टोक्यो में आपातकाल घोषित


प्रखर नई दिल्ली। टोक्यो में ओलंपिक खेलों के शुरू होने से दो सप्ताह पहले गुरुवार को आपातकाल का ऐलान कर दिया। जापान की सरकार ने कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए ये फैसला लिया। रिपोर्टों में कहा गया है कि आयोजक दर्शकों को स्टेडियम में आने से रोक सकते हैं। 23 जुलाई से टोक्यो ओलंपिक की शुरूआत होनी है। जापान की राजधानी टोक्यों में लगातार कोराना वायरस का संक्रमण बढ़ रहा है। कोरोना के अधिक खतरनाक डेल्टा वेरिएंट के प्रसार ने अधिकारियों की चिंता बढ़ा दी है। एक न्यूज एजेंसी के मुताबिक कोरोना के बढ़ते मामलों की वजह से 10,000 लोकल दर्शकों के ओलंपिक वेन्यू में जाने की योजना के पटरी से उतरने का खतरा है। अगर ऐसा होता है टोक्यो 2020 बिना दर्शकों के खेले जाने वाले पहले ओलंपिक होंगे। प्रधानमंत्री योशिहिदे सुगा ने कहा कि जो आपातकालीन उपाय किए गए हैं, वो दुनिया के अन्य हिस्सों में देखे गए लॉकडाउन की तुलना में काफी ढीले हें।