गांधी जयंती के दिन पीएम के संसदीय क्षेत्र से प्रियंका गांधी वाड्रा यूपी चुनाव का फूकेंगी बिगुल

0
541


प्रखर एजेंसी। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा प्रधानमंत्री मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी से पूर्वांचल में चुनावी बिगुल फूंकेंगी। दो अक्तूबर को वाराणसी में होने वाली जनसभा के जरिए प्रियंका विधानसभा चुनाव की तैयारियों का जायजा भी लेंगी। यूपी की प्रभारी प्रियंका गांधी की जनसभा के लिए कांग्रेस पार्टी ने तैयारियां भी शुरू कर दी हैं। विधानसभा चुनाव के  लिए राजनीतिक पार्टियों ने अब सक्रियता तेज कर दी है। बनारस के राजनीतिक अखाड़े में घमासान तेज होने के आसार नजर आ रहे हैं। प्रियंका गांधी बाबा विश्वनाथ का आशीर्वाद लेकर पूर्वांचल के चुनावी रण का श्रीगणेश करेंगी। राष्ट्रीय महासचिव की प्रस्तावित जनसभा में पार्टी के कई बड़े नेताओं के शामिल होने की संभावना है। प्रस्तावित जनसभा के लिए स्थानीय स्तर पर कांग्रेसी तैयारियों में जुट गए हैं। इसके लिए जगह की तलाश भी की जा रही है। हालांकि अभी जनसभा कहां होगी, रोड शो का रूट क्या होगा इस पर विचार विमर्श चल रहा है।