ग़ाज़ीपुर- बाढ़ के पानी में डूबने से महिला की मौत

प्रखर ब्यूरो गाजीपुर। शादियाबाद थाना क्षेत्र के गुरैनी गांव निवासी एक महिला की बेसो नदी में आई बाढ़ के पानी में डूबने से मौत हो गई। जबकि दूसरी बच गई। इस घटना से जहां मृतका के घर कोहराम मच गया।
दुर्घटना के संबंध में बताया गया है कि शादियाबाद क्षेत्र के गुरैनी गांव के रकबा मौजा निवासी रामनगीना राम की पत्नी माला देवी (45) बुधवार की सुबह गांव की फल्ली देवी (43) के साथ धान की फसल देखने के लिए घर से निकली, जो बेसो नदी में आई बाढ़ में डूबी हुई है। फसल देखने के लिए दोनों पानी के बीच से आगे बढ़ रही थी। इसी बीच गहरे पानी में डूबने लगी। यह देख वहां मौजूद अन्य महिलाएं शोर मचाने लगी। आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोगों ने डूब रही महिलाओं को बचाने के लिए नदी में छलांग लगा दिया। काफी प्रयास के बाद दोनों को पानी से बाहर निकाला। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। दोनों महिलाओं को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मनिहारी लाया गया, जहां चिकित्सकों ने माला को मृत घोषित कर दिया, जबकि फल्ली का प्राथमिक उपचार किया। इस घटना से मृतका के घर कोहराम मच गया। मृतका के दो पुत्र दुलारे और रामप्यारे और एक पुत्री रानी है। पुलिस ने पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।