ग़ाज़ीपुर- जलजमाव की समस्या से आक्रोशित दर्जनों महिलाओं ने लगाया जाम

प्रखर ब्यूरो गाजीपुर। बीते कई दिनों लगातार हुई बारिश से नगर के तमाम क्षेत्र और इलाकों में चारों तरफ जल-जमाव हो गया था। बारिश होने से खासकर रौजा क्षेत्र के कई इलाकों में घुठने भर पानी लगने के साथ ही सैकड़ों लोगों के घरों में पानी घुस गया था, जो आज भी मौजूद है। इसी जलजमाव की समस्या को लेकर दर्जनों आक्रोशित महिलाओं ने गुरुवार को दोबारा विशेश्वरगंज ओवरब्रिज पर जाम लगा दिया। इससे आवागमन पूर्णतया ठप हो गया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह सभी को समझा-बुझाकर जाम समाप्त कराया।
मालूम हो कि बीते दिनों लगातार कई दिनों तक बारिश हुई थी। इससे विकास भवन, मिश्रबाजार, पीरनगर, चंद्रशेखर नगर कालोनी, रौजा क्षेत्र के बहरनिया, रजदेपुर देहाती और टेढ़वा सहित अन्य इलाकों में जल-जमाव हो गया था। बारिश थमने के एक-दो दिन बाद नगर के अन्य इलाकों का पानी तो निकल गया, लेकिन रौजा क्षेत्र के टेढ़वा, बहरनिया सहित अन्य इलाकों में जल-जमाव लगा रहा। इससे आक्रोशित लोगों ने बीते सोमवार को विशेश्वरगंज ओवरब्रिज पर जाम लगा दिया था। मौके पर पहुंचे ए़डीएम अरुण कुमार सिंह ने जाम लगाने वालों से बातचीत करते हुए शीघ्र पानी निकासी का भरोसा दिलाया था। बावजूद इसके आज तक पानी निकासी की व्यवस्था नहीं की गई। इससे गुरुवार को दिन में दोबारा परेशान लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और दर्जनों महिलाएं विशेश्वरगंज ओवरब्रिज पर पहुंच गई और हो-हल्ला के बीच जाम लगा दिया। जाम होते ही आवागमन पूरी तरह से ठप हो गया। जानकारी होते ही सदर कोतवाल दीपेंद्र सिंह, यातायात प्रभारी अजय सिंह कसाना और रजदेपुर चौकी प्रभारी सुनील शर्मा महिला और पुरुष पुलिस कर्मियों के साथ मौके पर पहुंच गए और लोगों को समझा-बुझाकर आधे घंटे बाद जाम समाप्त कराया। जाम की वजह से आवागमन करने वालों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।