मछली बेचने के विवाद में बाइक सवार लड़को ने दो महिलाओं को मारी गोली

प्रखर वाराणसी। चितईपुर के मलियान बस्ती में रविवार की देर रात बाइक पर सवार होकर आए दो बदमाशों ने स्कूटी सवार दो महिलाओं को ताबड़तोड़ गोली मारकर फरार हो गए। वही गोली एक की बांह में तो दूसरे की पीठ में गोली लगी है। घायलावस्था में दोनों महिलाओं को पुलिस ने बीएचयू स्थित ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया। बताया जा रहा है कि मछली की दुकान लगाने के विवाद में गोली मारी गई है। बदमाशों की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस की दो टीमें गठित की गई। जानकारी के अनुसार चितईपुर थाना क्षेत्र के करौंदी मार्ग स्थित मलियान बस्ती निवासी सुनील की पत्नी सुनीता सोनकर 34 वर्ष की चितईपुर चौराहे के पास मछली की दुकान है, उसी के बगल में ही सीमा भी दुकान लगाती है। इस बात को लेकर सीमा और सुनीता के बीच अक्सर विवाद होते रहते हैं।
रविवार की शाम को सीमा के बेटे मोहन सोनकर से सुनीता का विवाद हुआ था तो मोहन ने देख लेने की धमकी दी थी। रात ग्यारह बजे के बाद सुनीता अपने पड़ोसी रीता देवी 43 वर्ष के साथ स्कूटी से घर की ओर आ रही थी। घर के पास पहुंची ही थी कि सफेद रंग की अपाचे बाइक से काला गमछा बांधे दो युवक आए और पीछे बैठे बदमाश ने सुनीता को लक्ष्य कर फायरिंग शुरू कर दी। गोली से बचने को भागते समय सुनीता को पीठ में गोली लगी और वहीं रीता के दाहिने बांह से गोली आर-पार हो गई। फायरिंग के बाद बदमाश हाईवे की ओर भाग निकले। गोली की आवाज सुनते ही बस्ती में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पाकर वारदात स्थल पर पहुंचे चितईपुर थाना प्रभारी मिर्जा रिजवान बेग ने घायल दोनों महिलाओं को बीएचयू ट्रामा सेंटर भिजवाया। पुलिस की एक टीम तत्काल बदमाशों के पीछे लगाई गई। घायल सुनीता के अनुसार मोहन ने ही गोली मारी है। वही डीसीपी काशी अमित कुमार ने बताया कि बाइक सवार दो बदमाशों ने घटना को अंजाम दिया है, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की दो टीमें गठित की गई है। वहीं घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को भी खंगाला जा रहा है। यह पता किया जा रहा है कि बदमाश किस तरफ से आए थे और वारदात के बाद किस रास्ते से भागे हैं। प्रथम दृष्टया पुरानी रंजिश में ही गोली मारी गई है, दोनों महिलाओं की हालत खतरे से बाहर है।