12 नवंबर को अमित शाह आएंगे वाराणसी


राज्यपाल आनंदीबेन पटेल गंगा घाटों पर मनाएंगे दीपावली

प्रखर वाराणसी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 12 नवंबर को दो दिवसीय दौरे पर वाराणसी आएंगे। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के आगमन से पहले वे यहां पहुंचेंगे और एयरपोर्ट पर उनकी अगवानी करेंगे। इसके बाद वे दो दिन तक गृहमंत्री के कार्यक्रमों में शामिल होंगे। बतादे कि अमित शाह के आगमन की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। गृहमंत्री अमित शाह 12 नवंबर को दोपहर बाद वाराणसी पहुंचेंगे और उसी दिन संगठन की बैठक लेंगे। 13 नवंबर को हिंदी पर आयोजित एक कार्यक्रम में वे शामिल होंगे। सरकार की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम का स्थान चयन किया जा रहा है।
इसके बाद वे पन्ना प्रमुख, बूथ अध्यक्ष और सोशल मीडिया वालंटियर्स से संवाद करेंगे। इसके बाद उनके आजमगढ़ जाने की संभावना है। गृहमंत्री के काशी प्रवास में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी पूरे समय मौजूद रहेंगे। उधर, केंद्रीय गृह मंत्री और मुख्यमंत्री के दो दिवसीय प्रवास की सूचना के बाद प्रशासनिक महकमा भी अलर्ट हो गया है। उम्मीद जताई जा रही है कि गृहमंत्री प्रशासनिक अधिकारियों के साथ भी बैठक कर बनारस के विकास कार्यों की समीक्षा कर सकते हैं। गृहमंत्री अमित शाह के काशी प्रवास की तैयारियों की समीक्षा के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पांच नवंबर को वाराणसी आ सकते हैं। दीपावली के अगले दिन मुख्यमंत्री प्रशासनिक अधिकारियों के साथ संगठन के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों को पुख्ता करेेंगे। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल इस बार काशी के गंगा घाट पर दीपावली मनाएंगी। वे चार नवंबर की सुबह वाराणसी आएंगी और आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के साथ संवाद दीपोत्सव आयोजन में शामिल हो सकती है। शाम को उनके गंगा घाट पर जाने का कार्यक्रम तय किया जा रहा है।