सावधान! वाराणसी में बढ़ा कोरोना का ग्राफ, एक साथ 6 मरीज मिले, ओमिक्रोन जांच के लिए सेम्पल लखनऊ भेजा गया

0
372


प्रखर वाराणसी। कोरोना का संक्रमण एक बार फिर तेजी से बढ़ने लगा है। बुधवार को शहर में एक डॉक्टर, व्यापारी समेत एक साथ छह लोग संक्रमित हुए हैं। जिन लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है, वो लोग दिल्ली, मुंबई, बिहार से तीन दिन पहले ही परिवार संग लौटे थे। स्वास्थ्य विभाग की ओर से अब सभी छह लोगों का सैंपल लेकर जीनोम सीक्वेसिंग के लिए केजीएमयू लखनऊ भेजा गया है, जबकि इनके संपर्क में आने वालों की सूची बनाई जा रही है। गुरुवार को टीम इनके घर जाकर संपर्क वालों का भी सैंपल लेगी। कोरोना के बढ़ते संक्रमण के बीच अब शासन भी अधिक से अधिक लोगों की जांच करने के साथ ही सतर्कता बरतने का निर्देश दे चुका है। बुधवार को जो लोग संक्रमित मिले हैं, उसमें दो महिला और चार पुरुष शामिल हैं। जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. एससी कन्नौजिया ने बताया कि इसमें भगवानपुर स्थित रुद्रा समृद्धि में 45 वर्षीय चिकित्सक तीन दिन पहले ही जमशेदपुर से आए थे। इसके अलावा बृज इन्क्लेव कॉलोनी स्थित मुंशी प्रेमचंद पार्क के पास रहने वाली 35 वर्षीय महिला, जो कि व्यापार करती है। वह भी तीन दिन पहले मुंबई से लौटी है।
साथ ही अहिल्याबाई नगर निवासी 56 वर्षीय पुरुष, गौरीगंज भेलूपुर में 52 वर्षीय पुरुष की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसके अलावा अस्सी निवासी 71 वर्षीय पुरुष और 64 वर्षीय महिला भी संक्रमित हुए हैं। ये अपने परिवार के साथ दिल्ली से लौटे थे। उन्होंने बताया कि पहले से भी दो मरीज जिले में एक्टिव थे, अब संख्या बढ़कर कुल आठ हो गई है।