ओपी के करीबी त्रिभुवन सिंह पुत्र सहित सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ बीजेपी में शामिल


प्रखर गाजीपुर। विधानसभा चुनाव जैसे-जैसे नजदीक आता जा रहा है। वैसे-वैसे राजनीतिक पैतरेबाजी शुरु हो गयी है। गाजीपुर में समाजवादी पार्टी के कद्दावर नेता ओमप्रकाश सिंह के करीबी मित्र और सहयोगी रहे चर्चित ठेकेदार त्रिभुवन सिंह बेटे अभिषेक के साथ बीजेपी में शामिल हो गए हैं। जिले के चर्चित ठेकेदार रहे त्रिभुवन सिंह को पूर्व कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश सिंह का करीबी माना जाता रहा है। बेटे अभिषेक सिंह 2012 के विधानसभा चुनाव में जमानियां से सपा प्रत्याशी के चुनाव एजेंट तक रह चुके हैं पिता त्रिभुवन नारायण सिंह के नेतृत्व में करीब ढाई सौ लोगों के साथ मंगलवार दोपहर जमानियां तिराहे से बाजे-गाजे के साथ छावनी लाइन स्थित भाजपा कार्यालय पर पहुंचे। गाजीपुर के युवाओं में खासे लोकप्रिय सामाजिक क्षेत्र में अपनी अलग छवि और साख रखने वाले चर्चित युवा सामाजिक कार्यकर्ता अभिषेक सिंह ने जमानिया से मौजूदा विधायक के टिकट कटने की खबरों के बीच सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ छावनी लाइन स्थित कार्यालय पर भाजपा की सदस्ता ग्रहण किया।
बीजेपी के जिलाध्यक्ष ने भानूप्रताप सिंह ने त्रिभुवन सिंह और अभिषेक सिंह सहित अन्य लोगों का माल्यार्पण कर स्वागत करते हुए सभी को भाजपा की सदस्यता ग्रहण कराई। इस अवसर पर अभिषेक सिंह ने कहा कि सामाजिक और राजनीतिक रुप से जनपद में लोक कल्याण के कार्यों में मेरी रूची रही है। पीएम मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ सहित भारतीय जनता पार्टी के कार्य-व्यवहार से प्रभावित होकर मैं भाजपा में शामिल हुआ हूं। मजबूत और अच्छे सिपाही के रूप में कार्य करते हुए पार्टी को मजबूती प्रदान करना मेरी प्राथमिकता में शामिल होगी। जिलाध्यक्ष भानूप्रताप सिंह ने सदस्यता ग्रहण पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि पिता पुत्र की इस जोड़ी के जुड़ने से पार्टी मजबूत हुई है और इसका लाभ विधानसभा चुनाव में मिलेगा। इसी के साथ पंचायत चुनाव में पार्टी से निलम्बित भाजपा पूर्व मंत्री राजेश सोनकर को भी पुनः पार्टी की सदस्यता ग्रहण कराई गई। इस अवसर पर ओमप्रकाश राय, अखिलेश सिंह, परिक्षीत सिंह, अखिलेश राय, सुरेश बिंद, जिला मीडिया प्रभारी शशिकांत शर्मा, योगेश सिंह, अविनाश सिंह आदि कार्यकर्ता और पदाधिकारी उपस्थित रहे। संचालन जिला महामंत्री प्रवीण सिंह ने किया। अंत में जिला प्रभारी अशोक मिश्रा ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।