गर्मी का कहर, मार्च में ही पारा 42 के पार

प्रखर डेस्क। पूरे यूपी समेत उत्तर भारत इन दिनों भीषण गर्मी की चपेट में है। मार्च में ही गर्मी मई-जून का अहसास करा रही है। राजधानी लखनऊ में पारे ने मार्च में गर्मी का पांच साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया, वहीं आगरा 42.4 डिग्री तापमान के साथ मंगलवार को प्रदेश का सबसे गर्म स्थान रहा। बीते दस साल में यह तीसरा मौका है जब मार्च में लखनऊ का पारा 40 डिग्री के पार हो गया। मंगलवार को यहां अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री ज्यादा 40.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो 30 मार्च 2017 को दर्ज 41.1 डिग्री सेल्सियस के बाद सर्वाधिक है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक एक सप्ताह के अंदर अधिकतम पारा 42 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है और लू भी जल्द चल सकती है। लखनऊ मौसम विभाग को मंगलवार को जिन 38 जिलों की रिपोर्ट मिली है उसके मुताबिक आगरा प्रदेश में सबसे गर्म स्थान रहा। दिन का तापमान 42.4 डिग्री दर्ज किया गया। यह सामान्य से सात डिग्री सेल्सियस अधिक है। दूसरे स्थान पर कानपुर एयरफोर्स स्टेशन का इलाका रहा। यहां पारा 41.8 डिग्री रिकार्ड किया गया। झांसी में दूसरे दिन भी लगातार पारा 41 डिग्री सेल्सियस के पार रहा।