दाह संस्कार के बाद स्नान करने गए दो युवक गंगा में डूबे, मौत

प्रखर वाराणसी। चौबेपुर थाना क्षेत्र के गौरा उपरवार घाट पर शुक्रवार दोपहर दाह संस्कार के लिए आए दो युवक गंगा स्नान के दौरान डूब गए। ग्रामीणों और पुलिस की ओर से आए गोताखोरों द्वारा युवकों की खोजबीन की जा रही है। उधर, घटना के बाद से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। थाना अंतर्गत सीवो बराई निवासी गुड्डू राम 35 वर्ष और अरविंद कुमार उर्फ रिंकू 28 वर्ष के अर्दली निवासी रिश्तेदार ज्ञानचंद की मां का निधन हो गया था। दोपहर 12 बजे दोनों साथ में गौरा उपरवार घाट पर दाह संस्कार में शामिल होने गए थे। दाह संस्कार के बाद ग्रामीणों के संग दोनों गंगा में स्नान करने गए और इस बीच दोनों नहाते हुए गहरे पानी में चले गए। देखते ही देखते दोनों डूबने लगे। आसपास के लोगों ने शोर मचाते हुए बचाने का प्रयास किया लेकिन दोनों पानी में समा गए। तुरंत घाट किनारे मल्लाहों ने पानी में छलांग लगाकर खोजबीन की लेकिन दोनों नहीं मिले। इसी बीच सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई और एनडीआरएफ के गोताखोरों से युवकों की खोजबीन कराई। इस संबंध में थानाध्यक्ष राजेश त्रिपाठी ने बताया कि युवकों की खोजबीन कराई जा रही है। ग्रामीणों के अनुसार सीवो बराई निवासी शारदा राम का पुत्र गुड्डू रंगाई पोताई का काम करता है, जिसकी तीन बेटियां और एक बेटा है। हादसे की सूचना मिलते ही पत्नी रूक्मिणा बेसुध हो गई। जबकि स्वयंभू राम का पुत्र अरविंद कुमार उर्फ रिंकू के परिजन भी गमगीन हो गए। देर शाम तक घाट किनारे परिजन और अन्य रिश्तेदार बैठे हुए थे।