ग़ाज़ीपुर- नहाते समय गंगा में डूबने से किशोर की मौत

प्रखर ब्यूरो गाजीपुर। करंडा थाना क्षेत्र के चकेरी घाट पर गुरुवार की सुबह नहाते समय गंगा में डूबने से एक किशोर की मौत हो गई। इस घटना से जहां मृतक के घर कोहराम मच गया। वहीं पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार करंडा क्षेत्र के खनगह खुर्द निवासी कुद्दुस नट का पुत्र आजाद उर्फ पिंटू (17) आज सुबह करीब नौ बजे अपने तीन साथियों के साथ नहाने के लिए चकेरी गंगा घाट पर गया था। नहाते-नहाते पिंटू गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। यह देख उसके साथी शोर मचाने लगे। आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह से पिंटू को पानी से बाहर निकाला। सूचना मिलने पर परिवार के लोग भी वहां पहुंच गए। आनन-फानन में किशोर को सैदपुर अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना से मृतक के घर कोहराम मच गया और पूरा गाव शोक में डूब गया। परिजन चीख-पुकार करने लगे। वँहा मौजूद लोग उन्हें सांत्वना देते हुए दुर्घटना के लिए ऊपर वाले की दुहाई देते रहे।