ग़ाज़ीपुर- रमजान के तीसरे जुमे पर मस्जिदों में हजारों ने की नमाज अदा

प्रखर ब्यूरो गाजीपुर। शहर की विभिन्न मस्जिदों में शुक्रवार को अकीदत के साथ रमजान के तीसरे जुमे की नमाज पढ़ी गई। इस दौरान कई मस्जिदों में भीड़ ज्यादा होने के कारण मस्जिद के बाहर भी लोगों ने नमाज अता की। पवित्र महीना रमजान के तीसरे जुमे की नमाज अदा करने के लिए शुक्रवार को मस्जिदों में हजारों की संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोग जमा हुए। छोटी ईद कहलाने वाले जुमे की तैयारी सुबह से ही शुरू हो गई थी। साफ-सुथरे कपड़े पहन कर, सिर पर टोपी सजाए तथा इत्र की भीनी खुशबू के साथ हर उम्र के लोग मस्जिद पहुंचे। रोजेदारों ने रब के आगे सजदे कर देश-दुनिया में अमन व भाइचारा कायम रहने तथा गुनाहों की माफी के लिए अल्लाह से दुआ मांगी। कई स्थानों पर तो नमाजियों ने मस्जिद के बाहर सफे बिछाकर भी नमाज अदा की गई। इस दौरान तकरीर करते हुए अल्लाह के बताए रास्तों पर चलने की हिदायत दी गई और माह ए रमजान में बरसने वाली अल्लाह की रहमतों और बरकतों को बताया। कहा कि अल्लाह इस एक महीने में अपनी रहमतों की बारिश करता है, हर मुसलमान पर रोजा फर्ज है। इसके साथ ही मुल्क और कौम की तरक्की की दुआ की गई। इस दौरान लाल, हरा, सफेद टोपी से पूरे मस्जिद का नजारा ही बदल गया था। रमजान के जुमे की नमाज को लेकर विभिन्न मस्जिदों में पुख्ता इंतजाम किए गए थे। इस दौरान मस्जिदों के आसपास की सफाई, नमाजियों के बैठने के लिए कालीन की व्यवस्था, हाथ-पैर धोने के लिए पानी तथा बारिश एवं धूप से बचने के लिए टेंट आदि की व्यवस्था की गई थी। वहीं विभिन्न मस्जिदों के पास शांति व्यवस्था का ले पुलिस भी गश्त करती रही।