पिता ने अपने ही दो बच्चों को कुंए में फेका, दोनो की मौत

प्रखर जौनपुर। जफराबाद थाना इलाके के नैपुरा निवासी पिता ने अपने दो बच्चों को रविवार दोपहर में कुएं में फेंक दिया। कुछ देर बाद ही डूबने से दोनों की मौत हो गई। पुलिस ने दोनों बच्चों के शव को बाहर निकलवाकर पीएम के लिए भेज दिया है। वहीं आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है। बतादे कि आरोपी पिता मानसिक विक्षिप्त बताया जा रहा है। नैपुरा निवासी 40 वर्षीय इरफान पांच साल पहले सऊदी अरब से लौटकर आया और लोहे की चलनी बनाने का काम करने लगा। मिली जानकारी के अनुसार इरफान की पत्नी शाहीना बानो के मुताबिक दिन में एक बजे इरफान अपने दोनों बच्चों सात वर्षीय सायना और पांच वर्षीय अरमान को लेकर घर से बाहर निकला। शाम को करीब छह बजे इरफान जब बाजार से अकेले लौटा तो शाहीना उससे बच्चों के बारे में पूछने लगी। इरफान ने जानकारी देने से इनकार कर दिया। यह सुन शाहीना रोने लगी और जोर-जोर से बच्चों के बारे में पूछने लगी। आवाज सुन आस-पास के लोग भी एकत्र हो गए। लोगों ने इरफान पर बच्चों के बारे में जानकारी देने का दबाव बनाया तो उसने बताया कि बच्चों को घर से 50 मीटर दूर स्थित कुएं में फेंक दिया है। यह सुन लोग भागकर कुएं के पास पहुंचे। इधर, कुछ लोगों ने पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस ने मल्लाहों की मदद से दोनों बच्चों की लाश को कुएं से बाहर निकलवाया। पुलिस ने मौके से ही इरफान को गिरफ्तार कर लिया। इरफान खुद कबूलता रहा कि सऊदी से लौटने के बाद उसकी आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है। दिमाग काम नहीं कर रहा था। इसलिए बच्चों को कुएं में फेंक दिया।