47.4 डिग्री के साथ बांदा रहा सबसे गर्म जिला, 47 डिग्री के साथ दूसरे पर जौनपुर!

प्रखर डेस्क। भीषण गर्मी से हर कोई हलकान है। गर्मी ने कहीं दो दशक तो कहीं साढ़े तीन दशक का रिकार्ड तोड़ दिया है। पूर्वांचल के जौनपुर में शुक्रवार को पारा 47 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। इससे पहले 1987 में जौनपुर का तापमान 47 डिग्री पहुंचा था। राजधानी लखनऊ में गर्मी ने 23 साल पुराना रिकार्ड तोड़ दिया। शुक्रवार को आसमान से आग बरसी। दिन का पारा 45 डिग्री सेल्सियस पार कर गया। सोनभद्र में भी दो दशकों का रिकार्ड शुक्रवार को टूट गया है। इससे पहले सन 2000 में अप्रैल माह में जिले का तापमान 43.6 डिग्री दर्ज किया गया था। पूर्वांचल के चार जिलों में तापमान 44 डिग्री से ऊपर ही रहा। वाराणसी में 45,भदोही में 44.6 चंदौली में 44.4, मिर्जापुर में 44, मऊ में 43, गाजीपुर 42.3, बलिया में 42, आजमगढ़ में 42 डिग्री तापमान रिकार्ड किया गया।
भीषण गर्मी से सड़कों पर निकलना दूभर था। हर आदमी छांव ढूंढ रहा था। सड़के इतनी तप रही थीं कि खड़ा होना मुश्किल था। ऑटो, ई-रिक्शा, साइकिल-मोटरसाइकिल सवार, रिक्शेवाले, राहगीर गर्मी से बिलबिला गए। लोगों को प्यास से हलक सूख गए। गर्मी इतनी की सड़कों पर सन्नाटा पसर गया। लखनऊ में पिछले 23 वर्षों में अप्रैल में इतनी गर्मी नहीं पड़ी जितनी शुक्रवार को पड़ी। दिन का तापमान 45.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह सामान्य से एक-दो नहीं पूरे छह डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। इससे पहले 30 अप्रैल 1999 को अधिकतम तापमान 45 दर्ज किया गया था। वैसे मौसम विभाग के लोग ऑफ द रिकार्ड बता रहे हैं कि तीन दशक बाद अप्रैल में इतनी गर्मी पड़ी है। अप्रैल 1989 में दिन का पारा 46.3 डिग्री सेल्सियस गया था।होली के बाद मार्च के अंतिम सप्ताह से गर्मी ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए थे। मार्च में भी अधिकतम तापमान ने पिछले 13 साल का रिकार्ड तोड़ा था। अप्रैल शुरू होते ही तापमान में बढ़ोतरी होने लगी। अप्रैल के पहले सप्ताह से दिन का पारा 42 पार कर गया। पिछले तीन दिनों से निरंतर तापमान बढ़ रहा है। मौसम विभाग ने शुक्रवार को 45.1 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया। यह इस गर्मी में अब तक का सबसे ज्यादा गर्म दिन था। गुरुवार को भी तापमान 43.8 डिग्री सेल्यियस दर्ज किया गया था। अफगानिस्तान और पाकिस्तान के ऊपर तैयार पश्चिमी विक्षोभ दो-तीन दिन बाद गर्मी से मामूली राहत प्रदान कर सकते हैं। लखनऊ मौसम विभाग के निदेशक जेपी गुप्ता ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभों का रुख जम्मू एवं कश्मीर की तरफ है। इसका असर शनिवार की शाम या रविवार से दिखना शुरू हो जाएगा। तीन और चार मई को बदली रहेगी। धूलभरी तेज हवाएं चलेंगी। कहीं-कहीं बूंदाबांदी हो सकती है। इससे तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक गिरावट होगी।