ग़ाज़ीपुर- चांद का दीदार और सुबह ईद का इन्तज़ार हुआ ख़त्म

प्रखर ब्यूरो मुहम्मदाबाद/ग़ाज़ीपुर। माहे रमज़ान के 30 रोज़े और माह भर के इबादत के बाद सभी को चांद के दीदार और सुबह ईद का इन्तज़ार ख़त्म हुआ। आज नगर क्षेत्र समेत आस पास के ग्रामीण अंचलों में खुशियों का माहौल था। ऐसे में ईद उल फितर की नमाज़ ईदगाह और मस्जिदों में शासन और प्रशासन के निर्धारित गाइडलाइन के अनुरूप अदा की गई। पेश इमाम ने नमाज़ के बाद सारे मुल्क़ की तरक़्क़ी, अमन चैन और भाई चारे के लिये दुआएँ मांगी। मुस्लिम बन्धुओं ने नमाज़ के बाद एक दूसरे को ईद की मुबारकबाद दी। बच्चे, बूढ़े और नवजवान सभी को ईद की खुशियां बाटते हुए देखा गया। सांसद अफ़ज़ाल अंसारी, क्षेत्रीय विधायक मनु अंसारी, मऊ विधायक अब्बास अंसारी, उमर अंसारी, पूर्व विधायक शिफ़ग़तुल्लाह अंसारी, नगर पालिका अध्यक्ष शमीम अहमद, समाजसेवी अमीर हमजा आदि लोगों ने ईदगाह में ईद उल फितर की नमाज़ अदा की। लोग एक दूसरे के घरों में जाकर रंग बिरंगे सेवइयां, छोले और दही बाड़े का जायका लिया। शान्तिपूर्ण ढंग से नमाज़ और त्यौहार सम्पन्न कराने हेतु प्रशासन के लोग चाक चौबंद नज़र आये।