49 डिग्री के साथ सबसे गर्म जिला रहा बांदा, हीट स्ट्रोक से 6 की मौत


प्रखर लखनऊ। प्रदेश भीषण गर्मी की चपेट में है। आसमान से आग बरस रही है। रविवार को पूरे राज्य में सबसे गर्म जिला बांदा रहा। यहां पारा 49 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। यह सामान्य से छह डिग्री ज्यादा है। इतना तापमान इस गर्मी में पूरे राज्य में अब तक कहीं रिकॉर्ड नहीं किया गया। वहीं दूसरे नंबर पर आगरा रहा। आगरा में तापमान सामान्य से 6 डिग्री ज्यादा 47.7 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। आगरा में भी इस गर्मी का सबसे अधिक तापमान रहा। इसके अलावा, हीट स्ट्रोक के चलते छह लोगों की मौत हो गई। लखनऊ मौसम विभाग के मुताबिक सिर्फ बहराइच और गोरखपुर ऐसे रहे जहां तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा। बाकी सभी जगह तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के ऊपर रहा। झांसी गर्मी के मामले में तीसरे नम्बर पर रहा। यहां 47.6 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकार्ड किया गया। प्रयागराज में अधिकतम तापमान 46.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वाराणसी में 46, हमीरपुर 45.2, अलीगढ़ 44.6, कानपुर एयरफोर्स 44.8 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकार्ड किया गया।मौसम विभाग लखनऊ के निदेशक जेपी गुप्ता ने बताया कि दक्षिण-पश्चिमी जिलों में शुष्क हवाएं चल रही हैं। इसलिए बांदा, झांसी, हमीरपुर, प्रयागराज, आगरा आदि जिलों का तापमान अधिक है। वहीं मध्य उत्तर प्रदेश में उमस ज्यादा है। उन्होंने बताया कि अभी गर्मी का क्रम जारी रहेगा। पूर्वी उत्तर प्रदेश के जिलों को मई के आखिरी में गर्मी से मामूली राहत मिल सकती है पर अन्य जिलों में गर्मी और उमस बरकरार रहेगी।हीट स्ट्रोक से उरई में दो, महोबा, कानपुर देहात, कन्नौज और हमीरपुर में एक-एक मौत हुई।