भीषण गर्मी से जल्द मिल सकती है राहत, 15 को मानसून आने की संभावना

प्रखर डेस्क। देश के कई राज्यों में गर्मी से बुरा हाल है ऊपर से गर्म हवा लोगों को काफी परेशान कर रही है। लेकिन अब इस झुलसाने वाली गर्मी से राहत मिलने वाली है। मौसम विभाग के मुताबिक 15 जून से मध्य और उत्तर भारत में मॉनसून आने के आसार हैं और बारिश शुरू होते ही इस गर्मी से राहत मिलेगी। आईएमडी के महानिदेशक मृत्युंजन महापात्रा ने कहा, भविष्यवाणी के मुताबिक 15 जून से बारिश शुरू हो सकती हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि बारिश होने से धान, मक्का, कपास, सोयाबीन, गन्ना और मूंगफली की फसल बोने में आसानी होगी। भारत में ज्यादातर कृषि मॉनसून के हिसाब से होती है। पूरे साल की 70 फीसदी बारिश मॉनसून सीजन में ही होती है। मौसम विभाग के मुताबिक असम, सिक्किम, दक्षिणी पश्चिमी बंगाल, तमिलनाडु, मेघालय कर्नाटक और आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों में अच्छी बारिश हुई है। वहीं इस बार भी उत्तर भारत के क्षेत्रों में अच्छी बारिश के आसार हैं। बता दें कि इस समय उत्तर भारत भीषण गर्मी का सामना कर रहा है। गर्मी से राहत पाने के लिए लोगों को बारिश का इंतजार है। मॉनसून से पहले की बारिश की कमी के चलते फसलों पर भी बुरा प्रभाव पड़ा है। देश को गर्मी से राहत देने और प्यास बुझाने वाला वाला दक्षिण-पश्चिम मानसून धीमे-धीमे बढ़ रहा है। यह बीते छह दिनों से स्थिर था। अभी यह कोंकण से कुछ दूर है। अगले दो दिनों में यह मुंबई पहुंच सकता है। इसके असर से महाराष्ट्र के कई में भारी बारिश होगी और इसका वेग बढ़ा तो मध्य प्रदेश, गुजरात के कुछ हिस्सों को भी तर कर देगा। दिल्ली एनसीआर के कुछ क्षेत्रों में पारा 45 डिग्री पार कर रहा है, इसलिए मौसम विभाग ने यलो अलर्ट जारी किया है। इसका मतलब है कि जरूरी होने पर ही घरों से बाहर निकलें और निकलें तो लू से बचाव के इंतजामों के साथ ही बाहर आएं।