आरएसएस की अखिल भारतीय बैठक में मोहन भागवत से मिलने आ रहे योगी- सूत्र

भागवत के साथ दोपहर का भोजन भी करेंगे योगी

4 दिवसीय बैठक का आज होना है समापन

प्रखर एजेन्सी। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की अखिल भारतीय कार्यकारी मंडल की चार दिनी बैठक बुधवार को समाप्त होगी। उसके अगले दिन गुरुवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत से शिष्टाचार भेंट करने प्रयागराज में गौहनिया के वात्सल्य परिसर पहुंचेंगे। सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री गुरुवार को राजकीय विमान से बमरौली पहुंचेंगे और वहां से हेलीकॉप्टर से बैठक स्थल तक जाएंगे। डीएम संजय कुमार खत्री ने गुरुवार को मुख्यमंत्री के आने की पुष्टि की है। बता दें कि इससे पहले गौहनिया के इसी परिसर में डॉ. मोहन भागवत के प्रवास के समय 22 नवंबर 2020 को मुख्यमंत्री उनसे मिलने के लिए आए थे। उस समय बैठक स्थल पर हेलीपैड का निर्माण कराया गया था। वहीं 19 अक्टूबर 2022 को मुख्यमंत्री के आगमन का संभावित कार्यक्रम मंगलवार शाम को जिला प्रशासन के पास आ गया। इसको लेकर पुलिस और प्रशासन की तैयारी तेज हो गई है। डीएम संजय कुमार खत्री शाम को ही गौहनिया पहुंच गए और तैयारियों की कमान संभाल ली। देर रात आइएएस, आइपीएस व अन्य पुलिस तथा प्रशासनिक अधिकारियों की ड्यूटी भी लगा दी गई। जानकारी के अनुसार सीएम योगी का हेलीकाप्टर विद्यालय परिसर में ही बने हेलीपैड पर उतरेगा। वह दोपहर में आएंगे और लगभग एक घंटे रहेंगे। इस दौरान संघ प्रमुख के साथ मुख्यमंत्री दोपहर का भोजन भी करेंगे। इसके बाद लखनऊ लौट जाएंगे।