दहेज की बाइक लेकर आ रहे दूल्हे के भतीजे व बहनोई की सड़क दुर्घटना में मौत


प्रखर बरेली/एजेन्सी। बारात की विदाई के बाद मंगलवार को दहेज की बाइक लेकर आ रहे दूल्हे के भतीजे और बहनोई की बाइक को सामने से आ रहे अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। बाइक अनियंत्रित होकर पुलिया से टकरा गई। हादसे में दोनों लोग बुरी तरह घायल हो गए। अन्य वाहनों से पीछे आ रहे परिजनों ने घायल अस्पताल में भर्ती कराया। जहां डाक्टर ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। उनकी मौत की खबर मिलते ही दोनों के घरों में कोहराम मच गया। कस्बा सेंथल के मोहल्ला पुलिस चौकी निवासी नज़ीर अहमद के बेटे आशिक अली की बरात सोमवार को बहेड़ी तहसील क्षेत्र के बकैनिया गरगैया गांव गयी थी। बरात में दूल्हे का भतीजा राजा (21) व ईध जागीर गांव में रहने तहेरा बहनोई शरीफ अहमद (27) भी गए थे। शादी की सारी रस्में पूरी होने के बाद वर पक्ष दुल्हन को विदा कराकर ला रहा था। दहेज में मिली बाइक को दूल्हे का भतीजा और बहनोई लेकर आ रहे थे। दोनों मसीत गांव के पास मोड़ पर पहुंचे कि सामने से आ रहे अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। वर पक्ष के लोग दुल्हन के आने का इंतजार कर रहे थे। इसी बीच उन्हें मनहूस खबर मिली कि दूल्हे के भतीजे और बहनोई की सड़क हादसे में मौत हो गयी। इसके बाद घर में कोहराम मच गया। मृतक राजा चार बहनों का इकलौता भाई था। उसके पिता की कई वर्ष पूर्व मौत हो चुकी है। वह रुड़की में एक प्राइवेट कम्पनी में नौकरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। उसकी मौत के बाद उसकी बहनों का रो-रो कर बुरा हाल है।