दूल्हा 10 के बाद नहीं गिन पाया नोट दुल्हन ने शादी से किया इनकार

दुल्हन ने शक होने पर 30 नोट गिनने को दिया जिसमें 10 के बाद चुप हो गया दूल्हा

प्रखर फर्रुखाबाद/एजेंसी। जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला प्रकाश में आया, जहां पर शादी में फेरों के समय दुल्हन को दूल्हे की हरकतों पर शक हुआ। इसके बाद दुल्हन ने अपने परिवार वालों से कुछ रुपए मंगवाए और दुल्हे को गिनने के लिए से दिया। इसके बाद दुल्हन मंडप छोड़कर चली गई। विवाद बढ़ा तो पुलिस को भी आना पड़ा। प्राप्त जानकारी के अनुसार मामला फर्रुखाबाद के मोहम्मदाबाद कोतवाली क्षेत्र के दुर्गापुर गांव का है। उक्त गांव की निवासी 21 वर्षीय रीता सिंह की शादी की कार्यक्रम चल रहा था। बारात लगने और दावत के बाद देर रात फेरों की रस्म चल रही थी। तभी दुल्हन पक्ष के पंडित को दुल्हे की हरकतों पर शक हुआ। उसने दुल्हन को इशारा किया। इसके बाद दुल्हन ने दूल्हे को कुछ नोट गिनने के लिए दिए, जिन्हें वह नहीं गिन पाया। दुल्हन के भाई मोहित ने बताया कि शादी की मध्यस्थता एक करीबी रिश्तेदार ने की थी। इसलिए परिवार ने उसकी बातों को विश्वास कर लिया, लेकिन जब पुजारी ने हमें दूल्हे के अजीब व्यवहार के बारे में बताया, तो हमारे होश उड़ गए। इसके बाद हमने दूल्हे को 30 नोट दिए। दुल्हन के भाई ने बताया कि दूल्हा 10 नोट गिनने के बाद चुप हो गया। यह सब देख दुल्हन ने शादी से इनकार कर दिया है। दुल्हन पक्ष का आरोप है कि दुल्हा मानसिक अस्वस्थ्य और अनपढ़ है। मोहम्मदाबाद कोतवाली प्रभारी अनिल कुमार चौबे ने बताया कि पुलिस मामले की जानकारी होने पर मौके पर गई थी। दोनों पक्षों को थाने पर लाया गया था। काफी देर बाद भी किसी ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है। इनके अलावा जिला पंचायत के सदस्य गुलु मिश्रा ने बताया कि लड़की की ओर से शादी रद्द होने के बाद दोनों परिवारों के बीच बहस हुई।