पुरानी रंजिश में ताबड़तोड़ फायरिंग दो वाराणसी रेफर

प्रखर मऊ। जिले के मटुरी मरियम में पुरानी रंजिश में बाइक सवार दो बदमाशों ने गांव लौट रहे दो युवकों को गोली मार दी। घायल युवकों को वाराणसी रेफर कर दिया गया। घटना को अंजाम देकर बदमाश फरार हो गए। पुलिस ने दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने दोनों की गंभीर स्थिति देखते हुए उन्हें बीएचयू रेफर कर दिया। सूचना मिलते ही युवकों के परिजनों में कोहराम मच गया। बतादे कि मधुबन थाना क्षेत्र के भीठिया माफी गांव निवासी 25 वर्षीय सोनू यादव रविवार को अपने साथी प्रमोद यादव 24 वर्ष के साथ मधुबन बाजार गया था। देर शाम करीब साढ़े छह बजे दोनों वापस अपने गांव लौट रहे थे। मटूरी मरियम गांव के पास पहुंचे बाइक सवार दो युवकों ने उसे ओवरटेक कर रोका और गालीगलौज करने लगे। इस पर सोनू और प्रमोद ने उतरकर विरोध जताया। इस बीच बाइक सवार बदमाशों ने दोनों पर फायर झोंक दिया। जिससे दोनों घायल हो गए। वारदात के बाद दोनों हमलावर फरार हो गए। सूचना मिलने पर सीओ मधुबन अभय कुमार सिंह तथा एसओ अब्दुल वाहिद पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने दोनों की गंभीर स्थिति देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद बीएचयू रेफर कर दिया। सीओ मधुबन अभय कुमार सिंह ने बताया कि हमले के पीछे प्रथम दृष्टया आपसी विवाद का मामला सामने आ रहा है। फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।