बीती देर रात अधेड़ ने तमंचे से खुद को मारी गोली, मौत

प्रखर सोनभद्र। जिले के महुआंव पांडेय गांव में शनिवार की देर रात युवक ने संदिग्ध हाल में गोली मारकर जान दे दी। घटना रात पौने 10 बजे की है। मौके पर पहुंची पुलिस ने तमंचा बरामद किया है। शव कब्जे में लेकर छानबीन शुरू कर दी है। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल पहुंचकर साक्ष्य जुटाए।
जानकारी के अनुसार घोरावल कोतवाली क्षेत्र के महुआंव पांडेय गांव निवासी केशव राम चौबे के चार पुत्रों में तीसरे नंबर का सुनील उर्फ पंकज चौबे (40) खेती के साथ ट्रक भी चलाता था। होली के बाद से वह घर पर था। सुनील अपनी पत्नी और बच्चों के साथ गांव पर रहता था, जबकि अन्य भाई रॉबर्ट्सगंज में रहते हैं। शनिवार की रात वह घर पर था। तीनों बच्चे कमरे में सो रहे थे। रात करीब पौने दस बजे अचानक सुनील ने तमंचे से खुद को मार ली। गोली चलने और पत्नी की चीख पुकार सुनकर पास पड़ोस के लोग घटनास्थल की ओर दौड़े। मौके पर सुनील का खून से लथपथ शव पड़ा था। घटना से बदहवास पत्नी ने कहा कि थोड़ी देर पहले तक वो बिल्कुल ठीक थे। अचानक से पता नहीं क्या हुआ। तेज आवाज सुनकर बाहर निकली। उसका रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना पर सीओ अमित कुमार, एसओ अंजनी कुमार राय मौके पर पहुंचे और घटना के बारे में जानकारी ली। सीओ अमित कुमार ने बताया कि युवक ने गोली मारकर जान दी है। मौके से तमंचा बरामद हुआ है। घटना क्यों और किन परिस्थितियों में हुई इसकी छानबीन की जा रही है। फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया है। सुनील को चार और छह वर्ष के दो लड़के और 9 वर्ष की एक लड़की है।