पेशी पर आए हत्या के आरोपित को युवक ने न्यायालय परिसर में मारी गोली, वकीलों ने दौड़ाकर पकड़ा

प्रखर जौनपुर। दीवानी न्यायालय में पेशी पर आए हत्या के आरोपित को एक युवक ने न्यायालय परिसर में गोली मारकर घायल कर दिया। घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां हालत गंभीर बनी हुई है। गौराबादशाहपुर क्षेत्र के धमार्पुर बाजार में छह मई 2022 की शाम अंडे की दुकान पर अंडा खाने को लेकर हुए विवाद में ठकुरची गांव निवासी बादल यादव पहलवान व उतरगांवा निवासी अंकित यादव को चाकू मारकर घायल कर दिया गया था। जिला अस्पताल में बादल यादव की मौत हो गई थी। हत्या के इस मामले में सरैया निवासी मिथिलेश गिरी, कबिरूद्दीनपुर निवासी सूर्य प्रकाश राय सहित चार आरोपितों को पुलिस ने गिरफ्तार किया था। इस मामले में बादल यादव का भाई श्रवण गवाह था। मंगलवार को 12 बजे चारों की सीजेएम के न्यायालय में पेशी रही। पुलिस चोरों आरोपितों को जेल से लाकर न्यायालय में पेशी के लिए ले जा रही थी। इसी दौरान परिसर में ही श्रवण यादव ने आरोपितों पर फायर कर दिया। तीन गोली चलाई। एक मिस हो गई वहीं दूसरी गोली आरोपितों में से मिथिलेश गिरी के कंधे में लगी। वहीं तीसरे गोली हाथ को छूकर निकल गई। गोली चलते ही परिसर में अफरा-तफरी मच गई। इस दौरान अधिवक्ताओं सहित पेशी पर आए आरोपितों के स्वजन ने दौड़ाकर गोली मारने वाले श्रवण यादव को पकड़ लिया और पिटाई शुरू कर दी। पहुंची पुलिस ने किसी तरह उसे लोगों से छुड़ाकर कब्जे में ले लिया। वहीं गोली से घायल मिथिलेश को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस का कहना है कि जिस हत्या के मामले में आरोपितों की पेशी थी उसी में श्रवण गवाह है। उसने गोली क्यों मारी इसकी जांच की जा रही है।