जफराबाद व महदेवा विधायक ने कहा जहां ओमप्रकाश राजभर वहां हम भी लेकिन क्या होगा अब्बास का?


सरकार में शामिल होने के लिए कहा जाएगा तो हम जरूर शामिल होंगे- जफराबाद विधायक जगदीश

प्रखर डेस्क। 2022 के विधानसभा चुनाव में सपा से गठबंधन करके चुनाव लड़ने वाली सुभासपा के सिंबल पर सपा के तीन नेताओं को चुनाव लड़ाया गया था। इनमे जगदीश नारायण राय जफराबाद से, महदेवा से दूधराम और मऊ सदर से अब्बास अंसारी शामिल हैं। ये तीनों विधायक अपने वाहनों पर सपा का ही झंडा लगाते थे और हैं। इसलिए इनको अभी भी सपा खेमे का ही माना जाता है। चूंकि सरकार के माफिया विरोधी अभियान में अब्बास के पिता मुख्तार पर सरकार ने शिकंजा कस रखा है। अब्बास पर भी शत्रु संपत्ति पर कब्जा करने, भड़काऊ भाषण देने, शस्त्र लाइसेंस पर प्रतिबंधित बोर के असलहे खरीदने और मनी लांड्रिंग एक्ट का मुकदमा दर्ज है और जांच चल रही है। ऐसे में भाजपा अब्बास को लेकर क्या रुख अपनाएगी, इस पर लोगों की नजर है। सुभासपा – भाजपा गठबंधन को लेकर अभी तक मऊ सदर विधायक अब्बास अंसारी की कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।
राजभर के फैसले के साथ विधायक जगदीश नारायण व दूधराम सुभासपा के सिंबल पर चुनाव लड़कर विधायक बने सपा नेता जगदीश नारायण और दूधराम का कहना है कि वे पूरी तरह से ओमप्रकाश राजभर के फैसले के साथ हैं। जगदीश नारायण ने कहा कि अगर उन्हें सरकार में शामिल होने के लिए कहा जाएगा तो जरूर शामिल होंगे। महादेवा सुरक्षित सीट से विधायक दूधराम ने कहा कि सपा-सुभासपा गठबंधन के तहत उन्हें सुभासपा के टिकट पर लड़ाया गया। अब ओमप्रकाश राजभर जहां जाएंगे, वहीं जाएंगे। ओमप्रकाश राजभर से मिलकर भविष्य की रणनीति तय करेंगे। जाफराबाद (जौनपुर) से विधायक जगदीश नारायण ने भी कहा कि वे पार्टी के फैसले के साथ रहेंगे।