नहर में पानी के लिए किसानों ने मुख्यमंत्री और सांसद का फूंका पुतला

पाँच साल से पानी के लिए किसान हैं परेशान

पूर्व में भी कई बार लोग फूक चुके हैं जनप्रतिनिधियों का पुतला

प्रखर थानागद्दी जौनपुर। तहसील क्षेत्र के दक्षिण स्थित शारदा सहाय खंड 36 में पानी नहीं छोड़े जाने से आक्रोशित किसानों ने गुरुवार को सूबे के मुख्यमंत्री व क्षेत्रीय सांसद का पुतला फूंककर हंगामा किया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और सांसद बीपी सरोज के खिलाफ नारेबाजी भी की। पुतला फूंक रहे किसान रोशन सिंह, अभय सिंह, मुन्ना सिंह ने आरोप लगाया कि नहर में पानी नहीं छोड़े जाने से सैकड़ों बीघा खेत में धान की रोपाई नहीं हो पा रही है। किसी तरह अगर कुछ किसान धान की रोपाई कर लिए हैं, वह भी फसल पानी के अभाव में सूख रही हैं। गुरुवार को इसी को लेकर बराई, बेहड़ा, नाऊपुर, सोहनी सहित आधा दर्जन गांव के किसानों का गस़्सा फूट पड़ा। इनमें भाजपा कार्यकर्ता भी थे। किसानों ने प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व मछलीशहर के सांसद बीपी सरोज के खिलाफ नारेबाजी की और उनका पुतला फूंका। किसानों ने सांसद पर समस्या के निस्तारण में उदासीनता बरतने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। किसानों का आरोप है कि कई साल से नहर में पानी नहीं आया है। जनप्रतिनिधि और तहसील प्रशासन भी इस दिशा में कोई पहल नहीं कर रहा है। इसके कारण किसानों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। क्षेत्र के त्रिलोचन, खेवसीपुर, नाऊपुर, सोहनी, थानागद्दी, बराई, बेहड़ा, शिवरामपुर, रतनूपुर से मोढ़ेला तक जाने वाली नहर से सैकड़ों एकड़ खेत की धान की रोपाई नहर के भरोसे होती है। नहर में पानी नहीं होने से खेती का काम प्रभावित हो रहा है। विभागीय अधिकारियों द्वारा बताया गया कि त्रिलोचन में क्रासिंग के नीचे से पास होने वाले साइफन में कचरा फंसा होने के कारण पानी नहीं पास हो पा रहा है इसकी सफाई हो रही है। पुतला फूंकने वालों में रोशन सिंह, मुन्ना सिंह, अभय सिंह, बब्बन सिंह, प्रमोद शुक्ला, लल्लन सिंह, संसू खां, नंन्दू कन्नौजीया, कैलाश वनवासी, विवेक सिंह, आशीष सिंह, आदि मौजूद रहे।