ब्राह्मण सभा के जिलाध्यक्ष व भाजपा नेता का शव रेलवे ट्रैक पर मिला, परिजनों ने हत्या कर शव फेंकने का लगाया आरोप

प्रखर वाराणसी। फूलपुर क्षेत्र अंतर्गत खालिसपुर रेलवे ट्रैक के पास सोमवार सुबह कोटेदार के पुत्र का शव मिला। रविवार रात 10 बजे वह बाइक से शहर की तरफ अपने किसी परिचित से मिलने के लिए निकला था। परिजनों ने हत्या कर शव फेंकने का आरोप लगाया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पोस्टमार्डम रिपोर्ट अभी आनी बाकी है। बतादे कि चोलापुर थाना क्षेत्र के तहत दानगंज चौकी के तहत आने वाले बंतरी गांव निवासी महेंद्र चौबे पेशे से कोटेदार हैं। उनका छोटा बेटा स्वतंत्र चौबे 30 वर्ष ब्राह्मण सभा का जिलाध्यक्ष और भाजपा में मंडल स्तर का पदाधिकारी है। रविवार की रात 10 बजे किसी का फोन आने पर वह अपनी बाइक से शहर की तरफ निकला। इसके बाद उसका मोबाइल बंद हो गया। सोमवार की सुबह 11 बजे खालिसपुर रेलवे फाटक के पास शव मिला तो ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव की पहचान करते हुए उसके मोबाइल से सिमकार्ड निकाला और खाद्य विभाग के सप्लाई इंस्पेक्टर को फोन कर शव पाए जाने की सूचना दी। इसके बाद पुलिस ने भाई आदेश चौबे को फोन कर घटना से अवगत कराया। बेटे की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। वही परिजनों का आरोप है कि स्वतंत्र की हत्या कर शव को यहां फेंका गया। शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया। शव देखते ही पत्नी जया चौबे और मां माधुरी चौबे बेसुध हो गई। मृतक का छह वर्ष का बेटा विराट है। पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आने के बाद ही मौत की वजह स्पष्ट हो सकेगी।