543 लोकसभा सीटों के लिए आठ चरणों में हो सकता है मतदान, आज 3 बजे ईसी की पीसी के बाद होगी स्थिति साफ़!

97 करोड़ मतदाता कर सकेंगे अपने हक का उपयोग

मौजूदा 17वीं लोकसभा का कार्यकाल 16 जून को खत्म हो रहा

प्रखर डेस्क। 18वीं लोकसभा के लिए चुनाव आयोग शनिवार दोपहर तीन बजे चुनाव आयोग प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कार्यक्रम की घोषणा करेगा। इसी के साथ ही देशभर में आदर्श आचार संहिता भी लागू हो जाएगी। संभावना है कि 543 सीटों के लिए सात या आठ चरणों में मतदान कराया जाएगा। आयोग कुछ राज्यों में विधानसभा चुनाव कार्यक्रम की भी घोषणा कर सकता है। मौजूदा 17वीं लोकसभा का कार्यकाल 16 जून को खत्म हो रहा है। इससे पहले, नई लोकसभा का गठन करना अनिवार्य है। ओडिशा, सिक्किम, आंध्र प्रदेश व अरुणाचल प्रदेश की विधानसभाओं का कार्यकाल भी जून में खत्म हो रहा है। इन राज्यों में चुनाव तारीखों की भी घोषणा होगी। अधिकारियों के अनुसार, बोर्ड परीक्षा, त्योहार व सुरक्षाकर्मियों की उपलब्धता को देखते हुए तारीखें तय की जाएंगी। गौरतलब है कि पिछले चुनाव में भाजपा 303 व कांग्रेस 52 सीटों पर जीती थी। कांग्रेस लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष पर दावा करने के लिए पर्याप्त संख्या नहीं जुटा सकी थी। लिहाजा, इस चुनाव को विपक्षी गठबंधन के लिए करो या मरो की लड़ाई के रूप में देखा जा रहा है। 2019 में चुनाव की तारीखों का एलान 10 मार्च को हुआ था। मतदान सात चरणों में 11 अप्रैल से 19 मई के बीच कराया गया, जबकि वोटों की गिनती 23 मई को हुई थी। उत्तर प्रदेश, बिहार और पश्चिम बंगाल में सात चरणों में मतदान हुआ था। वहीं, 22 राज्यों व केंद्रशासित प्रदेशाें में एक ही चरण में वोट पड़े थे। 2014 में चुनाव की तारीखों की घोषणा 5 मार्च को हुई थी। 7 अप्रैल से 12 मई तक 9 चरणों में चुनाव हुए थे। 16 मई को परिणाम घोषित किए गए थे। इस चुनाव में करीब 97 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर सकेंगे। देशभर में 12 लाख से अधिक मतदान केंद्र बनाए जाएंगे। आयोग के अनुसार, मतदाता सूची में 18 से 29 साल की उम्र वाले दो करोड़ नए मतदाता जोड़े गए हैं।