काशी वासियों के साथ पीएम के नामांकन की हैट्रिक के साक्षी बनेंगे 12 राज्यों के मुख्यमंत्री!

प्रखर वाराणसी। वाराणसी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नामांकन की हैट्रिक के साक्षी 12 राज्यों के मुख्यमंत्री भी बनेंगे। भाजपा नेताओं के अनुसार पीएम के नामांकन में प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अलावा 12 मुख्यमंत्री शामिल होंगे। इनमें बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, महाराष्ट्र के सीएम एकनाथ शिंदे, राजस्थान के सीएम भजन लाल शर्मा, असम के मुख्यमंत्री हेमंत बिस्वा शर्मा, हरियाणा के नायब सिंह सैनी, गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत, सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग, त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा शामिल होंगे। साथ में गृह मंत्री अमित शाह, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह भी नामांकन में शामिल होंगे। एनडीए के प्रमुख घटक राष्ट्रीय लोकदल के अध्यक्ष जयंत चौधरी, लोजपा प्रमुख चिराग पासवान, अपना दल एस की अध्यक्ष अनुप्रिया पटेल, सुभासपा अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर और निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ संजय निषाद आदि मौजूद रहेंगे।