बेपनाह इश्क का खौफनाक अंत! चंदौली निवासी व्यायाम शिक्षक ने हाथ की नस काटकर फांसी लगाई, मौत

“खुशबू तुमने प्यार में धोखा दिया”, सुसाइड नोट की हेडिंग!

प्रखर वाराणसी/चंदौली। आजकल के इस मोबाइल युग में प्यार के अनगिनत मामले देखने को मिलते हैं। आए दिन प्यार में आत्महत्या हत्या, प्रेमी- प्रेमिका द्वारा की जाती है। इसी तरह के एक प्यार के खौफनाक अंत की कहानी वाराणसी जनपद के शिवपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले कॉलोनी खुशहालनगर का है। जहां पर एक चंदौली निवासी व्यायाम शिक्षक ने आत्महत्या के लिए पहले अपने हाथ की नस काटी मौत ना होने पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। आइए आपके पूरे मामले से अवगत कराते हैं। चंदौली निवासी एक व्यायाम शिक्षक ने सुसाइड नोट में अपनी पत्नी पर प्रताड़ना का आरोप लगाया है। उसने एक साल पहले प्रेम विवाह किया था। इस मामले में पत्नी समेत तीन के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार सुसाइड नोट में शिवम ने लिखा है कि मम्मी-पापा सॉरी। दोस्तों मेरे मम्मी-पापा का ख्याल रखना। खुशबू के बारे में लिखा कि तुमसे प्यार करना मेरी जिंदगी की सबसे बड़ी भूल थी। प्यार में धोखा दिया। मैंने कभी ऐसी उम्मीद नहीं की थी। बहुत ही गलत निर्णय था तुमसे सात फेरा लेना। बतादे कि चंदौली के सकलडीहा थाना क्षेत्र के केशवपुर निवासी जयप्रकाश श्रीवास्तव वाराणसी कलेक्ट्रेट में फालोवर से रिटायर्ड हैं। शिवपुर थाना क्षेत्र के चांदमारी स्थित खुशहाल नगर कॉलोनी में किराये के मकान में सपरिवार रहते हैं। दो बेटों में छोटा शिवम श्रीवास्तव (24) मऊ के सलेमपुर स्थित सेंट पॉल कॉलेज में खेल शिक्षक था। उसने अपने से तीन साल बड़ी लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र के अशोक विहार कॉलोनी निवासी खुशी सिंह उर्फ खुशबू से 18 जनवरी 2023 को अष्टभुजा मंदिर में प्रेम विवाह किया था।शिवम के पिता जयप्रकाश के अनुसार खुशबू सिगरेट और शराब पीती थी। बेटे ने उसे समझाया तो दोनों के बीच तकरार बढ़ गई। इसके बाद शिवम के खिलाफ थाने में दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज करा दिया। थाने में समझौता के बाद पुन: खुशबू को घर लाया लेकिन उसकी आदतें नहीं सुधरीं। 21 जून को खुशबू ने बेटे का सिर फोड़ दिया था। 22 जून को खुशबू ने अपनी बहन और बहनोई को बुलवाकर धमकी दिलावाई। इससे बेटा अवसाद में आ गया। रात में ही वह अपनी बहन के साथ मायके चली गई। शनिवार की रात वह भूतल वाले कमरे में सोने चला गया। सुबह देर तक दरवाजा नहीं खुला तो संदेह हुआ। किसी तरह दरवाजा खुलवाया गया तो वह किचन में कुंडी के सहारे फंदे से लटका था। हाथ की नस भी काटी ली थी। पास में ही सुसाइड नोट पड़ा था। पिता का आरोप है कि खुशबू ने धोखे में रखकर बेटे से दूसरी शादी की थी। बेटे का शव देखते ही मां रश्मि श्रीवास्तव अचेत हो गईं। थाना प्रभारी रविशंकर त्रिपाठी ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पिता की तहरीर के आधार पर पत्नी समेत तीन के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में मुकदमा दर्ज किया गया है।