केवी के प्रधानाध्यापक एम हसन का भव्य विदाई समारोह आयोजित

प्रखर वाराणसी। पी एम श्री केन्द्रीय विद्यालय वाराणसी कैण्ट के हरदिल अज़ीज़ प्रधानाध्यापक एम हसन लगभग 37 वर्षों से विभिन्न विद्यालयों में कार्य करते हुए, आज 29 जून’ 2024 को सेवानिवृत्त हो गए। इस अवसर उनके सम्मान में विद्यालय की ओर से भव्य विदाई- समारोह का आयोजन किया गया। प्राचार्य डॉo सी बी पी वर्मा ने स्टाफ एवं विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए केन्द्रीय विद्यालयों में उनके लंबे अनुभव, उत्कृष्ट सेवाओं एवं उच्च कार्य क्षमता का विस्तार से उल्लेख करते हुए प्रशंसनीय बताया। उप प्राचार्य अभिषेक त्रिपाठी ने भी अपने संबोधन में श्री हसन के व्यक्तित्व एवं शिक्षा क्षेत्र में नवीन तकनीकि के इस्तेमाल से शिक्षण- अधिगम को प्रभावी बनाने में उनके उत्कृष्ट योगदान की सराहना की। उन्होंने ने यह भी कहा कि एम हसन की लोकप्रयिता और कार्यशैली विद्यार्थियों ,सहकर्मियों एवं अभिभावकों के बीच उत्कृष्ट श्रेणी की रही है और वे उनके सौम्य एवं मृदुभाषी व्यवहार से बहुत प्रभावित रहते थे। विदाई समारोह के अवसर पर समस्त स्टाफ ने उन्हें माला पहनाकर सम्मानित किया। प्राचार्य ने स्टाफ की ओर से शाल पहनाकर, पवित्र धार्मिक ग्रन्थ, स्मृति चिन्ह एवं उपहार सप्रेम भेंट करके उनके उत्तम स्वास्थ एवं भावी सुखद दीर्घायु जीवन की अनंत शुभकामनाएँ दीं। अन्य विद्यालयों से भी पधारे सम्मानित शिक्षकों ने इस विदाई समारोह को सुशोभित किया। अधिकांश शिक्षकों ने इस अवसर पर अपने- अपने उत्तम विचार प्रस्तुत किए। श्री हसन द्वारा समस्त गणमान्य सदस्यों के लिए लज़ीज़ भोज का आयोजन विद्यालय में किया गया।