बेटी के प्रेम विवाह से नाराज पिता ने ससुराल पहुंच की ताबड़तोड़ फायरिंग एक की मौत एक गंभीर

प्रखर एजेंसी। अमरोहा में हत्या का मामला सामने आया है। बेटी के लव मैरिज करने से नाराज पिता उसके ससुराल गया। वहां जाकर ताबड़तोड़ फायरिंग की, जिसमें बेटी के ससुर की मौत हो गई। वहीं, एक अन्य युवक घायल बताया जा रहा है। जिसकी हालत नाजुक है। गोली लगने से विजेंद्र सैनी की मौत हो गई। आरोपी दिनेश चौहान ससुराल में सुलह के लिए गया था। फायरिंग के बाद इलाके में दहशत है, जिसकी सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। वारदात जिले के मंडी धनौरा थाना इलाके के गांव मलकपुर की है। गोली लगने से घायल छत्रपाल की हालत नाजुक है। दिनेश चौहान के बेटे अर्जुन सैनी ने दो महीने पहले रामराज गांव की लड़की से लव मैरिज की थी। यह गांव मुजफ्फरनगर जिले में है। लड़की के परिजन इस शादी के खिलाफ थे। लड़की के परिजन हथियार लेकर शाम को उसकी ससुराल पहुंचे और अपने साथ ले जाने का प्रयास किया। अर्जुन के पिता ने इसका विरोध किया तो दिनेश चौहान ने आपा खो दिया। उसने और साथ आए अन्य लोगों ने फायरिंग शुरू कर दी। गोली लगने से विजेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, बीचबचाव के लिए आए गांव के 35 वर्षीय युवक छत्रपाल को भी गोली लग गई। उसे गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां हालत नाजुक बताई जा रही है। फायरिंग की सूचना के बाद एसपी राजीव कुमार सिंह, धनौरा थाना इंचार्ज श्वेताभ भास्कर मौके पहुंचे और परिजनों से वारदात की जानकारी ली। सीओ ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। अमरोहा के पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने कहा कि लड़की के परिजन शादी से खुश नहीं थे। वे बेटी को साथ ले जाना चाह रहे थे। ससुराल पक्ष के रोकने पर वारदात की गई है।