राजनाथ, स्मृति, राहुल गांधी सहित 144 का भाग्य आज ईवीएम में होगा बंद!

14 वीं लोकसभा के पांचवें चरण का मतदान 7 बजे होगा शुरू

प्रखर डेस्क। पांचवें चरण में यूपी की 14 लोकसभा सीटों पर मतदान आज होगा। इस चरण में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, कांग्रेस नेता राहुल गांधी, केंद्रीय मंत्री स्मृति जूबिन इरानी, कौशल किशोर, निरंजन ज्योति व यूपी सरकार में मंत्री दिनेश प्रताप सिंह सहित 144 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला होगा। इसके साथ ही लखनऊ पूर्व के विधानसभा उपचुनाव के लिए भी आज ही वोट पड़ेंगे। इसके अलावा देशभर में आठ राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की 49 सीटों पर भी वोट पड़ेंगे। मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बताया कि पांचवें चरण में 2,71,36,363 मतदाता अपने मत का प्रयोग करेंगे। जिसमें 1,44,05,097 पुरुष, 1,27,30,186 महिला और 1,080 थर्ड जेंडर हैं। सबसे अधिक मतदाता मोहनलालगंज और सबसे कम मतदाता बांदा में हैं। सबसे अधिक 15 प्रत्याशी फतेहपुर और सबसे कम 4 प्रत्याशी कैसरगंज लोकसभा सीट पर हैं। लखनऊ पूर्व विधानसभा सीट पर कुल 4,64,510 मतदाता हैं। मोहनलालगंज (सुरक्षित), लखनऊ, रायबरेली, अमेठी, जालौन (सुरिक्षत), झांसी, हमीरपुर, बांदा, फतेहपुर, कौशाम्बी (सुरिक्षत), बाराबंकी(सुरिक्षत), फैजाबाद, कैसरगंज और गोण्डा में सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक वोट पड़ेंगे।