राहुल गांधी बनेंगे लोकसभा में विपक्ष के नेता!

प्रखर एजेंसी। कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक में लोकसभा चुनाव के नतीजों पर विचार विमर्श के साथ आगे की रणनीति तय की जाएगी। होटल अशोक में शनिवार सुबह 11 बजे सीडब्ल्यूसी की बैठक में पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा समेत अन्य सदस्य शामिल होंगे। बैठक में कांग्रेस विधायक दल के नेता और विभिन्न राज्यों के प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पार्टी के प्रदर्शन का विश्लेषण करेंगे और संगठन को मजबूत करने के उपाय सुझाएंगे। पार्टी कांग्रेस अध्यक्ष खरगे होटल अशोक में सभी सीडब्ल्यूसी सदस्यों और पार्टी सांसदों के लिए रात्रिभोज की मेजबानी करेंगे। कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि कांग्रेस लोकसभा में दूसरी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है, जिसने 2019 के चुनावों में अपनी सीटों की संख्या 52 से बढ़ाकर 99 कर ली है। पार्टी के अंदर एक धड़े का मानना है कि राहुल गांधी को लोकसभा में पार्टी और विपक्ष के नेता का पद संभालना चाहिए, जिस पर भी बैठक में चर्चा होगी। बैठक में सोनिया गांधी को फिर से कांग्रेस संसदीय दल का अध्यक्ष चुना जा सकता है। पार्टी सूत्रों ने बताया कि कांग्रेस लोकसभा में अपने नेता का नाम तय करेगी और राहुल गाधी के इस महत्वपूर्ण पद को संभालने की मांग उठने लगी है। राहुल गांधी ने वायनाड और रायबरेली दोनों सीट से लोकसभा चुनाव जीता था। सूत्रों ने कहा कि उम्मीद की जा रही है कि केसी वेणुगोपाल, मणिकम टैगोर और गौरव गोगोई सहित पार्टी सांसद हाथ उठाकर मांग करेंगे। लोकसभा में कांग्रेस का नेता सदन में विपक्ष का नेता भी होगा, क्योंकि पार्टी ने आम चुनावों मं जरूरी सीट जीती हैं। कांग्रेस के संविधान के मुताबिक, संसदीय दल के अध्यक्ष को संसद के दोनों सदनों में पार्टी के नेताओं के नाम का अधिकार है। पार्टी सूत्रों ने कहा कि यह सोनिया गांधी पर निर्भर होगा कि वह राहुल गांधी को लोकसभा में पार्टी के नेता के रूप में चुनती हैं या किसी अन्य नेता के रूप में। सोनिया गांधी अब राज्यसभा की सदस्य हैं। कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खरगे संसद के उच्च सदन में विपक्ष के नेता हैं।