पिटबुल पालने वाले सावधान, कुत्ते ने ले ली अपनी ही मालकिन की जान


कुत्ता बना शिकारी अपनी मालकिन को नोच नोच कर मार डाला

प्रखर एजेंसी। प्रदेश की राजधानी लखनऊ के बंगाली टोला इलाके में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जानकारी के मुताबिक बंगाल टोला इलाके में रहने वाली 80 साल की महिला को उनके पालतू कुत्ते ने नोच-नोचकर मार डाला। बताया जा रहा है कि महिला के पास पिट बुल नस्ल का कुत्ता था जो सबसे खुंखार कुत्ता माना जाता है। कहा जा रहा है कि महिला को गंभीर हालत में बलरामपुर अस्पताल ले जाया गया जहां से उन्हें ट्रामा सेंटर में रेफर कर दिया गया। ट्रामा सेंटर पहुंचने तक महिला ने दम तोड़ दिया। मीडिया को मिली जानकारी के मुताबिक बंगाली टोला में रहने वाली सुशीला त्रिपाठी ने घर में दो पिटबुल और लैबराडोर प्रजाति के कुत्ते पाल रखे थे। सुशीला दोनों कुत्तों को पालती पोसती, उन्हें खाना देती और उनके साथ खेलती थी। जानकारी के मुताबिक महिला का बेटा अमित त्रिपाठी के कमरे में ही दोनों कुत्ते रहते थे। मंगलवार को कुत्ता खुला रह गया। अमित त्रिपाठी के मुताबिक उन्होंने सुबह पांच बजे देखा कि उनका पिटबुल नस्ल का कुत्ता उनकी मां को नोच रहा है। पिटबुल ने उसकी मां के पेट और चेहरे पर बुरी तरह काटा था। आनन-फानन में वो अपनी मां को अस्पताल लेकर पहुंचे जहां से उन्हें ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया लेकिन ट्रामा सेंटर पहुंचने तक उनकी मां ने दम तोड़ दिया। गौरतलब है कि पिटबुल दुनिया का सबसे खतरनाक किस्म का कुत्ता माना जाता है। कई देशों में तो पिटबुल को पालना भी बैन है। पिटबुल व्यवहार से काफी हिंसक होते हैं इसलिए उन्हें कई देशों में पालना मना है। भारत में खास तौर पर राजस्थान में पिटबुल को लोग टशन में पालते हैं लेकिन पिटबुल नस्ल के कुत्ते को पालना कितना खतरनाक हो सकता है उसकी ये ताजा मिसाल है। डॉ. संदीप तिवारी, सीएमएस, ट्रॉमा सेंटर, केजीएमयू ने इस मामले में कहा कि सुबह साढ़े नौ बजे 80 वर्षीय बुजुर्ग को ट्रॉमा सेंटर लाया गया। बुजुर्ग काफी गंभीर थी। कुत्ते के काटने से बुजुर्ग के शरीर में गहरे घाव हो गए थे। खून काफी बह गया था। बुजुर्ग को बचाने की कोशिश की गई। वेंटिलेटर पर भी रखा गया। कुछ ही समय बाद महिला का निधन हो गया।