शादी में हर्ष फायरिंग दुल्हन की ममेरी बहन के पेट में लगी गोली, भर्ती

प्रखर जौनपुर। बीती रात जौनपुर जिले के मिरशादपुर गांव में शादी की खुशियां अचानक गम में बदल गई। बतादे कि बरात में हर्ष फायरिंग के दौरान जयमाल के स्टेज पर खड़ी दुल्हन की 13 वर्षीय ममेरी बहन के पेट में गोली लग गई। एक अन्य व्यक्ति छर्रा लगने से घायल हो गया।शादी की खुशियों के बीच घटी घटना से हंगामा मच गया। थोड़ी देर के लिए घटनास्थल पर अफरा-तफरी की स्थिति हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। गोली किसने चलाई यह साफ नहीं है। मामले में पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पड़ताल शुरू कर दी है।बदलापुर थाना क्षेत्र के मिरशादपुर में स्व. चौथीराम केवट की पुत्री रेनू की शादी बक्शा थाना क्षेत्र के काजी नेवादा के राकेश के पुत्र संदीप से तय थी। शनिवार रात घर पर बरात पहुंची। खुशी के माहौल में द्वारचार, जलपान और भोजन के बाद रात करीब 12 बजे जयमाल शुरू हुआ।
लोग बारी-बारी से दूल्हा-दुल्हन को आशीर्वाद देने के लिए स्टेज पर चढ़ रहे थे। इस दौरान जयमाल के स्टेज के पीछे से किसी ने फायरिंग कर दी। यह गोली सीधे रूबी बिंद (13) पुत्री बाढू निवासी काफरपुर सरायख्वाजा के पेट में लग गई। साथ ही वहां पर खड़े नन्हकू सरोज (45) निवासी ऊदपुर गेल्हवा के पैर में छर्रा लगने से घायल हो गए। कक्षा सात में पढ़ने वाली रूबी अपने बुआ के यहां शादी में शामिल होने आई थी। घटना के बाद अफरातफरी का माहौल हो गया। पहले रूबी को पास के अस्पताल में ले जाया गया। हालत गंभीर देखते हुए जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया। वहां रविवार शाम को ऑपरेशन किया गया। इस बाबत बदलापुर प्रभारी निरीक्षक अवनीश कुमार राय ने कहा कि अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। शादी में वीडियो कैमरा की मदद से फायरिंग करने वाले की तलाश की जा रही है।