चरण सिंह का डीएनए होगा तभी इंडिया में रहेंगे जयंत, सपा नेता का बेतूका बयान

0
223

जयंत चौधरी का भाजपा में जाना तय माना जा रहा

प्रखर एजेंसी। देश में इस साल होने वाले लोकसभा चुनाव को लेकर सभी राजनीतिक दलों ने अपनी-अपनी तैयारी तेज कर दी है। नीतीश कुमार के बाद अब जयंत चौधरी भी इंडिया गठबंधन से अलग हो सकते हैं। अब आरएलडी और भाजपा के बीच सीट शेयरिंग को लेकर वार्ता चल रही है। इस बीच भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने मास्टर स्ट्रोक खेलते हुए पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह को भारत रत्न देने का ऐलान कर दिया। इस पर राष्ट्रीय लोकदल के अध्यक्ष जयंत चौधरी ने मोदी सरकार के इस फैसले का स्वागत किया। जयंत चौधरी के पाला बदलने को लेकर सपा नेता ने बेतुका बयान दिया है। समाजवादी पार्टी पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष लौटनराम निषाद ने कन्नौज में मीडिया से बातचीत करते हुए जयंत चौधरी के डीएनए पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि अगर चौधरी चरण सिंह का डीएनए होगा तो जयंत चौधरी इंडिया गठबंधन में ही रहेंगे। अगर जयंत चौधरी के डीएनए में आरएसएस की प्रवृत्ति होगी तो वे किसानों और ओबीसी का अपमान करके भाजपा में जाएंगे। कन्नौज में आयोजित पीडीए पखवाड़ा चौपाल में हिस्सा लेने के बाद उन्होंने कहा कि अगर जयंत चौधरी भाजपा में शामिल हो जाएंगे तो इतिहास के पन्नों में नीतीश कुमार के साथ उनका नाम खलनायक के नाम से लिखा जाएगा। लौटनराम निषाद ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि मोदी सरकार के मंत्री ने लखीमपुर खीरी में गाड़ी चढ़ाकर किसानों की हत्या कर दी थी। देश की 28 विपक्षी पार्टियों से मिलकर इंडिया गठबंधन बना है, लेकिन अब सहयोगी दलों का गठबंधन से धीरे-धीरे मोह भंग हो रहा है। जैसे-जैसे लोकसभा चुनाव की तारीख नजदीक आ रही है, वैसे-वैसे इंडिया गठबंधन का कुनबा कम होता जा रहा है। विपक्षी दलों को एकजुट करने वाले नीतीश कुमार खुद एनडीए में शामिल हो गए हैं। अब पश्चिमी यूपी में जाटों के नेता जयंत चौधरी और भाजपा के बीच बातचीत चल रही है। चौधरी चरण सिंह को भारत रत्न मिलने की घोषणा के बाद जयंत चौधरी का भाजपा में जाना तय माना जा रहा है।