महाशिवरात्रि के मद्देनजर बाबा विश्वनाथ की नगरी सहित पूरे प्रदेश में सुरक्षा व्यवस्था चाक- चौबंद, भारी पुलिस बल तैनात!

राज्यपाल आनंदीबेन, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश ने दी प्रदेशवासियों को महाशिवरात्रि की शुभकामनाएं

प्रखर डेस्क। महाशिवरात्रि का पर्व शुक्रवार यानी आज मनाया जा रहा है। इस मौके पर प्रदेश के विभिन्न शिव मंदिरों में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ेगी। प्रदेश के कई शहरों में यातायात में बदलाव किया गया है। मंदिर वाले मार्गों में वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। बाबा विश्वनाथ की नगरी व राजधानी लखनऊ सहित कई शहरों में शुक्रवार को ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव दिखेगा। महाशिवरात्रि पर्व पर सुरक्षा बंदोबस्त के लिए डीजीपी मुख्यालय ने 241 कंपनी पुलिस बल उपलब्ध कराया है। इसमें 230 कंपनी पीएसी, 3 कंपनी एसडीआरएफ और 8 कंपनी सीएपीएफ शामिल है। वाराणसी, बाराबंकी तथा बागपत में बड़ी संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं के दृष्टिगत मुख्यालय स्तर से दो अपर पुलिस अधीक्षक, पांच पुलिस उपाधीक्षक, 85 उपनिरीक्षक, 8 महिला उपनिरीक्षक, 275 आरक्षी, 50 महिला आरक्षी, 5 यातायात निरीक्षक एवं उपनिरीक्षक, 6 यातायात मुख्या आरक्षी एवं आरक्षी, 3 बीडीडीएस टीम, एंटी माइंस टीम, एएस चेक टीम और एटीएस कमांडो दिए गए हैं। इसके अलावा सादे वस्त्रों में भी पुलिसकर्मियों को तैनात किया जा रहा है। सभी महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील स्थलों पर ड्रोन और सीसीटीवी से निगरानी का प्रबंध किया गया है। इसके अलावा यूपी 112 के वाहनों से लगातार पेट्रोलिंग करायी जा रही है। राजपत्रित अधिकारियों के नेतृत्व में लगातार फ्लैग मार्च भी कराया जा रहा है। डीजीपी मुख्यालय के कंट्रोल रूम से लगातार इसकी मॉनिटरिंग की जा रही है। बाबा विश्वनाथ के दरबार में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा है। शुक्रवार को जलाभिषेक के लिए बृहस्पतिवार शाम से ही कतारें लग गईं है। हर-हर बम-बम के जयकारों के बीच यहां सुरक्षा व्यवस्था में लगे सैकड़ों पुलिसकर्मी, हजारों दुकानदार भी भोले की भक्ति में डूब गए हैं। एक-दूसरे को पुकारने के लिए लोग भोले-भोले कह रहे हैं। महाशिवरात्रि पर बाबा विश्वनाथ का दर्शन करने पांच लाख श्रद्धालुओं के आने का अनुमान है। वही वाराणसी जनपद के कैथी स्थित प्रसिद्ध व प्राचीन मंदिर मारकंडेय महादेव धाम में भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ लगी हुई है। वहां पर भी लाखों श्रद्धालुओ के दर्शन करने का अनुमान है। वाराणसी पुलिस ने वहां पर भी सुरक्षा व्यवस्था में कोई कमी नहीं छोड़ी है। राज्यपाल व सीएम ने दी महाशिवरात्रि की शुभकामनाएं
राज्यपाल आनंदीबेन पटेल व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने देश व प्रदेश वासियों को महाशिवरात्रि पर्व की शुभकामनाएं दी हैं। राज्यपाल ने सभी के मंगलमय व सुखमय जीवन की कामना की है। उन्होंने कहा कि मैं देवाधिदेव महादेव से सभी के कल्याण और देश-प्रदेश की खुशहाली, समृद्धि के लिए प्रार्थना करती हूं। वहीं अपने शुभकामना सन्देश में मुख्यमंत्री ने कहा कि महाशिवरात्रि का पावन पर्व लोक कल्याण के लिए प्रतिबद्ध होने की प्रेरणा देता है। देवों के देव महादेव जनमानस में सर्वमान्य रूप से पूजे जाते हैं। पर्व व त्योहार हमारी परम्परा और राष्ट्रीयता को सुदृढ़ करने के प्रेरणास्पद अवसर हैं। भारत के विभिन्न क्षेत्रों में स्थित ज्योतिर्लिंग राष्ट्रीय एकता के प्रतीक हैं। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने महाशिवरात्रि पर्व पर बधाई देते हुए कहा है कि भगवान शिव की भक्ति का यह विशेष दिन है। शिव कल्याण स्वरूप और शीघ्र प्रसन्न होने वाले देवता माने जाते हैं। उन्होंने कहा कि नफरत, विद्वेष और अलगाव की प्रवृत्तियों के विष को नष्ट करना आज भी समय की मांग है।