झांसी में तापमान पहुंचा 48 डिग्री के पार, पूरे प्रदेश में भीषण गर्मी को लेकर हाई अलर्ट

प्रखर एजेंसी/झांसी। नौतपा के तीसरे दिन जिले में अधिकतम तापमान 48.1 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। 132 सालों में तीसरी बार मई में ऐसा मौका आया है, जब झांसी का अधिकतम पारा 48 डिग्री या उसके पार पहुंचा है। सबसे पहले 20 मई 1984 को अधिकतम तापमान 48.2 डिग्री सेल्सियस पहुंचा था। दूसरी बार 26 मई 1998 में अधिकतम पारा 48 डिग्री सेल्सियस रहा था। ऐसे में सोमवार के अधिकतम तापमान ने 25 सालों का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। उत्तर प्रदेश में सोमवार को दूसरा गर्म शहर आगरा रहा। लू के थपेड़ों ने लोगों को बेहाल किया। मौसम विभाग के मुताबिक अगले तीन दिन लू के थपेड़े झुलसाएंगे। ज्योतिष शास्त्र के अनुसार, सूर्य के 25 मई को रोहिणी नक्षत्र में प्रवेश करने के साथ ही नौतपा की शुरुआत हो गई है। यह 2 जून तक रहेगा। इस दौरान सूर्य पृथ्वी के काफी करीब होता है और उसकी किरणें पृथ्वी पर सीधे पड़ती हैं। इसके चलते भीषण गर्मी पड़ती है। साथ ही ऐसा माना जाता है कि नौतपा में यदि बारिश नहीं होती है तो अच्छे मानसून के संकेत होते हैं। अगर इस दौरान बारिश हो जाती है तो नौतपा खंडित हो जाता है और इसे मानसून के लिए अशुभ संकेत माना जाता है।