जौनपुर शहर में बड़ा हादसा दो मंजिला मकान गिरने से पांच की मौत छह गंभीर कई घायल


प्रखर जौनपुर। जौनपुर के शहर कोतवाली क्षेत्र के बड़ी मस्जिद के पीछे मोहल्ला रोजा अर्जन में गुरुवार की देर रात जर्जर दो मंजिला कच्चा मकान अचानक गिर गया। इस हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि 6 लोग बुरी तरह से घायल हो गए। जानकारी होने के बाद जिला व पुलिस प्रशासन राहत कार्य में जुट गया। सभी घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां घायलों की हालत चिंताजनक बनी हुई है। जानकारी के अनुसार बताया जा रहा है कि देर रात दो कच्चे मकान धराशाई हो गए। इस दौरान आधा दर्जन लोग मलबे में दब गए। घटना देर रात 11 बजे की बताई जा रही है, वही रात करीब एक बजे पांच लोगों की मौत और पांच लोगों के घायल होने की जानकारी प्रशासनिक अधिकारियों ने दी। बतादे कि गुरुवार की रात लगभग 11 बजे परिवार के कुछ सदस्य सो रहे थे वहीं कुछ लोग बैठकर बातें कर रहे थे कि इसी दौरान पूरा मकान भरभरा कर गिर गया। जिसमें चांदनी 18 वर्ष , शन्नो 55 वर्ष, गयासुद्दीन 17वर्ष,  मोहम्मद असाउददीन 19 वर्ष, हेरा 10 वर्ष व स्नेहा 12 वर्ष, संजीदा 37 वर्ष, मोहम्मद कैफ 8 वर्ष, मिस्बाह 18 वर्ष व पड़ोस के अजीमुल्लाह 68 वर्ष दब गए। स्थानीय लोगों व जिला प्रशासन ने दबे लोगों को निकाल कर घायलावस्था में जिला अस्पताल पहुंचाया। 
जहां पर चिकित्सकों ने संजीदा पुत्री जमालुद्दीन, अजीमुल्ला पुत्र कतवारू, मोहम्मद कैफ पुत्र जमालुद्दीन,  मोहम्मद सेफ पुत्र जमालुद्दीन व मिस्वाह पुत्री जमालुद्दीन को मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। घटना की जानकारी होते ही जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा व पुलिस अधीक्षक अजय कुमार साहनी मौके पर पहुंचे।
हादसा होने के बाद जानकारी होते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और राहत व बचाव कार्य शुरू किया।सीएमएस अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि घटना में कुल 10 लोग घायल हुए। जिनमें 5 लोगों की मौत हो चुकी है।