वाराणसी के बसही में तेज रफ्तार स्कूल बस ने महिला को रौंदा, मौत


प्रखर वाराणसी। शिवपुर थाना क्षेत्र के बसहीं और गांधी चबूतरा के बीच शुक्रवार की दोपहर तीन बजे 32 वर्षीया संगीता सिंह को स्कूली बस ने रौंद दिया। महिला घटनास्थल से महज सौ मीटर दूर श्यामपुरी कालोनी की निवासिनी थीं। मौके पर ही उनकी मौत हो गई। दुर्घटना के बाद चालक बस को छोड़कर और कंडक्टर बस में सवार बच्चों को उनके अभिभावकों को सौंपकर भाग निकले। मौके पर बस खड़ी रही जिसे पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। बिहार के दुर्गावती के रंजीत रंजन सिह ने श्यामपुरी कालोनी में मकान बनवा लिया है। पत्नी संगीता सिंह और दो बच्चों के साथ वह रहते हैं। दोपहर में संगीता सिंह पूजा का सामान लेने बसही बाजार गई थी। वह सामान लेकर कालोनी लौट रही थीं। इसी दौरान तेज रफ्तार स्कूली बस ने उन्हें पीछे से धक्का मारा। महिला सड़क पर गिरीं और इतने में उसने उनका सिर कुचल दिया। दुर्घटना के समय बस में करीब दस बच्चे सवार थे। हादसा देख वह चीखने चिल्लाने लगे। लोगों की भीड़ जुटने लगी। इतने में पहले ड्राइवर बस समेत बच्चों को छोड़कर भाग निकला। अब कंडक्टर ने बस में सवार बच्चों के अभिभावकों को फोन कर बुलाता रहा और जब अभिभावक बच्चे लेकर चले गये तो वह भी मौका पाकर भाग निकला। घटना के समय संगीता के पति घर पर नही थे। उनके दो छोटे बच्चे स्कूल गए थे। सूचना पर मार्बल की दुकान में काम करना वाला संगीता का देवर पंकज पहुंचा। उसने शव की पहचान की। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेने का प्रयास किया तो देवर समेत आसपास क लोग भड़क गए। उन्होंने कहाकि जबतक पति और परिवार के अन्य लोग नही आते लाश नही उठेगी। इस बात पर पुलिस से तीखी बहस होती रही। गुस्सा चरम पर था। घंटों के बाद परिजन पहुंचे। पुलिस ने किसी तरह लाश को कब्जे में लिया। इस मामले में मृतका के परिवारवालों की ओर से तहरीर दी गई है। पुलिस बस चालक की तलाश कर रही है।