वाराणसी नगर निकाय चुनाव में प्रियंका गांधी व सिद्धू भी आ सकते है प्रचार करने!


उत्तर प्रदेश नगर निकाय चुनाव में कांग्रेस स्टार प्रचारकों की सूची में प्रियंका गांधी, नवजोत सिंह सिद्धू, अजय राय सहित तमाम दिग्गज नेता

प्रखर वाराणसी। नगर निगम के चुनाव में कांग्रेस बेहतर प्रदर्शन के लिए कोई कोर कसर नहीं छोड़ना चाहती है। प्रचार-प्रसार के लिए जल्द ही मैदान में स्टार प्रचारकों की पूरी टीम उतरेगी। जिला व महानगर इकाई की ओर से स्टार प्रचारकों की सूची तैयार करके आलाकमान को भेज दी गई है और एक से दो दिन के अंदर फाइनल सूची भी जारी हो जाएगी। कांग्रेस की ओर से भेजी गई सूची में सबसे ऊपर कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी का नाम है। पदाधिकारियों ने नगर निगम चुनाव में प्रचार को धार देने के लिए 12 से अधिक स्टार प्रचारकों की सूची तैयार की है। इसमें प्रियंका गांधी के अलावा नगमा, नवजोत सिंह सिद्धू, भूपेश सिंह बघेल, बृजलाल खाबरी, अजय राय, आराधना मिश्रा मोना, अशोक गहलोत, दीपेंद्र सिंह हुड्डा, प्रमोद तिवारी, सुप्रिया श्रीनेत, कन्हैया कुमार आदि के नाम शामिल हैं। कांग्रेस ने नगर निगम में 97 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे हैं, वहीं एक तिहाई से ज्यादा महिला उम्मीदवारों को भी मौका दिया गया है। वहीं तीन सीटों पर कांग्रेस निर्दल उम्मीदवारों को समर्थन दे रही है।