ताजिया में उतरा करंट दो की दर्दनाक मौत 30 झुलसे

प्रखर डेस्क। अमरोहा स्थित पतेई खालसा गांव में मोहर्रम का जुलूस निकालते समय ट्रैक्टर ट्रिपलर पर रखे 35 फीट ऊंचे ताजिये पर अचानक 132 केवीए की हाईटेंशन लाइन का करंट उतर आया। तेज धमाके के साथ ताजिये में आग लग गई। थोड़ी देर में ताजिया धू-धू कर जलने लगा।करंट उतरते ही ट्रैक्टर-ट्रिपलर पर बैठे 30 लोग बुरी तरह झुलस गए। गंभीर रूप से घायल किशोर समेत दो की मौत हो गई। अस्पताल में डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद मौके पर मातम पसर गया। मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने घायलों को मुरादाबाद के टीएमयू में भर्ती कराया। जहां कई की हालत गंभीर बनी हुई है।
शनिवार को जिले भर में दस मोहर्रम पर ताजियों के जुलूस निकाले जा रहे थे। हर साल की तरह डिडौली कोतवाली क्षेत्र के पतेई खालसा गांव में भी जुलूस निकाला जा रहा था। ताजिया के जुलूस में करीब 400 से 500 लोग शामिल थे। इस दौरान करीब 35 फिट ऊंचा ताजिया ट्रैक्टर-ट्रिपलर में रखा हुआ था। जबकि अलग अलग छोटे तीन ताजियों को लोग कंधे पर लेकर चल रहे थे। ताजिया का जुलूस पतेई खालसा से शुरू होकर ढकिया चमन और इसके बाद नीलीखेड़ी के कर्बला में जाकर दफन होना था। जैसे ही लोग ताजिया पतेई खालसा गांव की मस्जिद से उठाकर ढकिया चमन रोड स्थित कब्रिस्तान के पास पहुंचे थे। बड़े ताजिये में करीब पांच से छह फीट ऊंची लोहे के सरिये में झंडा लगा हुआ था। तभी सड़क के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन करंट ताजिये पर उतर आया। तेज धमाके के साथ ताजिये में आग लग गई।